US प्रेसिडेंट ट्रंप ने की मुकेश अंबानी की तारीफ, बोले-आपने 4जी पर अच्छा काम किया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक (CMD) मुकेश अंबानी की तारीफ की है. रिलायंस द्वारा भारत के दूरसंचार क्षेत्र में बदलाव लाने और अमेरिका के ऊर्जा क्षेत्र में स्ट्रेटजिक निवेश की सराहना करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें अपने टैक्स फ्रेंडली देश में निवेश का आमंत्रण दिया.

ट्रंप ने मंगलवार को दिल्ली के अमेरिकी दूतावास में भारत के दिग्गज सीईओ के साथ आयोजित बैठक में मुकेश अंबानी से कहा, आपने बहुत अच्छा काम किया है. शुक्रिया.' अंबानी ने उन्हें आरआईएल के अमेरिका में निवेश और भारत के व्यापार की जानकारी दी.

इस पर ट्रंप ने तुरंत जवाब दिया, '7 अरब डॉलर, हां.'  ट्रंप ने तब उनसे पूछा, 'आप 4जी पर काम कर हैं. क्या आप 5जी पर भी काम करने जा रहे हैं?' अंबानी ने कहा कि रिलायंस जियो दुनिया का एकमात्र नेटवर्क है, जिसके पास 5जी परीक्षणों के लिए एक भी चीन में मैन्युफैक्चर उपकरण नहीं है.

इस पर ट्रंप ने दबी हंसी के साथ कहा, 'यह सही है!' भारत के प्रमुख दूरसंचार ऑपरेटर रिलायंस जियो ने सिर्फ गैर-चीनी उपकरण निमार्ताओं जैसे सैमसंग के साथ साझेदारी की है. अंबानी ने अमेरिका में कम कर दरों के लिए ट्रंप की सराहना की, जो देश को व्यापार के अनुकूल गंतव्य बनाता है.

गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को दो दिवसीय भारत यात्रा पर अहमदाबाद पहुंचे थे और मंगलवार की रात वापस अपने देश चले गए. अपनी भारत यात्रा के दूसरे दिन डोनाल्ड ट्रंप ने देश के कारोबार जगत के करीब एक दर्जन दिग्गजों से मुलाकात की.

Leave a Reply