12वीं की परीक्षाएं शुरू, CM भूपेश ने कहा- शत-प्रतिशत दें, परिणाम भी अच्छा ही मिलेगा
रायपुर. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (Chhattisgarh Board of Secondary Education) द्वारा संचालित स्कूलों की बोर्ड परीक्षाएं 2 मार्च से शुरू हो गई हैं. प्रदेशभर में सोमवार को 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गईं. सुबह साढ़े 9 बजे से परीक्षा शुरू हुई. बोर्ड परीक्षाओं को लेकर सीएम भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने परीक्षार्थियों को संदेश दिया है. सीएम भूपेश ने ट्वीट कर परीक्षार्थियों के लिए संदेश दिया. सीएम ने हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी की परीक्षाओं में सम्मिलित हो रहे सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं.
सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा- आज से हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी की परीक्षाओं में सम्मिलित हो रहे सभी छात्र-छात्राओं को मैं शुभकामनाएं देता हूं. आप सब परीक्षा में अपना शत-प्रतिशत दें, परिणाम भी अच्छा ही मिलेगा.
6 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी
बता दें कि इस बार छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाओं में 6 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं. 12वीं की बोर्ड की परीक्षा के लिए 3 लाख 92 हजार 68 परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र जारी किया गया है. दसवीं की बोर्ड परीक्षा में 2 लाख 77 हजार 475 परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र जारी किया गया है. प्रदेश में कुल 2 हजार 305 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं. इसमें 92 नए परीक्षा केन्द्र हैं. जबकि पिछले सालों में शिकायतों के बाद इस साल 5 पुराने परीक्षा केन्द्रों बंद कर दिए गए हैं. 12वीं की परीक्षा 2 से 18 और कक्षा 10वीं की परीक्षा 3 से 17 मार्च तक आयोजित है.
