COVID-19: कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि के बाद रायपुर में धारा 144 लागू, जनता को संबोधित करेंगे CM भूपेश
रायपुर. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में कोरोना वायरस (Corona Virus) से संक्रमित एक पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद प्रशासनिक तौर पर सतर्कता और बढ़ गई है. राजधानी रायपुर में नगर निगम क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है. 19 मार्च से आगामी आदेश तक रायपुर में धारा 144 लागू की गई है. ऐसे में किसी भी सार्वजनिक स्थान पर एक साथ 4 या उससे अधिक लोग उपस्थित होने पर प्रशासन उनपर कार्रवाई कर सकता है. कोरोना संक्रमण से ऐतिहात के तौर पर धारा 144 लागू की गई है. सीएम भूपेश बघेल दोपहर 3 बजे जनता को संबोधित करेंगे. इसमें वे कोरोना से बचाव के उपाय बताएंगे.
राजधानी रायपुर में कोरोना वायरस (Coronavirus) की पहली मरीज मिली है. 19 मार्च को एम्स प्रबंधन ने इसकी पुष्टि की है. रायपुर में एक युवती कोरोना वायरस (COVID-19) पॉजिटिव पाई गई है. एम्स के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. करण पिपरे ने ये जानकारी दी. बताया जा रहा है कि युवती और उसका पूरा परिवार कुछ दिन पहले विदेश से वापस भारत पहुंचा था. 13 मार्च को महिला का ब्लड सैंपल (Blood Sample) लिया गया था. अब टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव (Report Positive) आई है. फिलहाल, महिला का इलाज रायपुर एम्स (Raipur AIIMS) में किया जा रहा है. महिला के परिवार के अन्य सदस्यों को भी आइसोलेट (Isolate) कर लिया गया है.
एम्स में बनाया गया हेल्प डेस्क
एम्स के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. पिपरे के मुताबिक एम्स में 12 बिस्तर का आईसोलेशन वार्ड तैयार कर लिया गया है. अस्पताल में हेल्प डेस्क तैयार कर लिया गया है. संदिग्ध मरीजों की लगातार स्क्रिनिंग की जा रही है. साथ ही लोगों से सतर्क रहने और पैनिक नहीं होने की भी अपील मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने की है. इसके अलावा प्रशासन द्वारा भी सतर्कता बरती जा रही है. सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ लगाने से मना कर दिया गया है. सभी जिलों में कलेक्टर को आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए गए हैं.
