देशभर में संक्रमित मरीजों की संख्या 2301 हुई, अब तक 56 लोगों की मौत

 

कोरोना वायरस का कहर देश में लगातार बढ़ता जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक देशभर में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2301 हो गई है। इनमें से 2088 सक्रिय मामले हैं, 156 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और एक बाहर चला गया है। वहीं, 56 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, आज गुजरात में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि राजस्थान में 21, यूपी के आगरा में छह, मुंबई के धारावी में एक और गोवा में एक नए मामले सामने आए हैं। 

देशभर में संक्रमित मरीजों की संख्या 2301 हुई, अब तक 56 की मौत

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक देशभर में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2301 हो गई है। इनमें से 156 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और एक बाहर चला गया है। वहीं, 56 लोगों की मौत हो चुकी है।

राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने सभी राज्यों के राज्यपालों से की बात

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के साथ कोरोना वायरस का मुकाबला करने के उपायों पर चर्चा करने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपालों, उपराज्यपालों और प्रशासकों के साथ बातचीत की।

दिल्ली के द्वारका जिले के विभिन्न थानों में 21 एफआईआर

दिल्ली पुलिस ने होम क्वारंटीन मानदंडों / शर्तों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ द्वारका जिले के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में 21 एफआईआर दर्ज की है। उल्लंघन पर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और महामारी रोग अधिनियम की धारा तीन के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गुजरात में एक बुजुर्ग की मौत

गुजरात के गोधरा में कोरोना से संक्रमित एक 78 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद वडोदरा के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बुजुर्ग शख्स ने अस्पताल में गुरुवार रात दम तोड़ दिया। वडोदरा जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी उदय तिलवात ने यह जानकारी दी।

इंदौर में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 89 हुई

इंदौर में पिछले 24 घंटों में 14 नए मामलों की पुष्टि के बाद मध्यप्रदेश के इंदौर में कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आए मरीजों की संख्या 89 हो गई है। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि 14 नए मरीजों में तीन महिलाएं और 11 पुरुष हैं। इन मरीजों की उम्र 19 से 60 साल के बीच है।
अधिकारी ने बताया कि पिछले नौ दिन में इलाज के दौरान कोरोना वायरस संक्रमित इंदौर के पांच मरीजों की मौत हो चुकी है। इंदौर, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे ज्यादा प्रभावित शहरों में शामिल है। इस महामारी के मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से यहां शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है।

गोवा में एक नया मामला, संक्रमित मरीजों की संख्या छह हुई

गोवा में आज एक नया मामला सामने आया है। संक्रमित मरीज ने कुछ दिन पहले मोजाम्बिक और केन्या की यात्रा की थी। इसी के साथ राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या छह हो गई है। गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने यह जानकारी दी है।

पीएम ने देशवासियों से की यह अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि पांच अप्रैल को रात नौ बजे घर की सभी लाइटें बंद करके, घर के दरवाजे पर या बालकनी में खड़े रहकर नौ मिनट के लिए मोमबत्ती, दीया, टॉर्च या मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाएं और उस समय जब हर व्यक्ति एक-एक दीया जलाएगा, तब प्रकाश की उस महाशक्ति का अहसास होगा। उन्होंने कहा कि इस कोरोना संकट से जो अंधकार और अनिश्चितता पैदा हुई है उसे समाप्त करके हमें उजाले और निश्चितता की तरफ बढ़ना है। इस अंधकारमय कोरोना संकट को पराजित करने के लिए हमें प्रकाश के तेज को चारो दिशाओं में फैलाना है।

आगरा में कोरोना के छह नए मामले, शहर में 18 हुई संख्या

आगरा के जिला मजिस्ट्रेट प्रभु एन सिंह ने बताया कि आगरा में कोरोना के छह नए मामले सामने आए हैं। ये सभी उन 28 लोगों में से हैं जो दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी के साथ आगरा में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।

मुंबई के धारावी में डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव

मुंबई के धारावी में एक और कोरोना पॉजिटिव मामले की पुष्टि हुई है। कोरोना पॉजिटिव 35 साल का एक डॉक्टर है। रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर के परिवार के सभी लोगों को क्वारंटीन में रखा गया है। बीएमसी उनके संपर्क में आने वालों का पता लगा रही है। धारावी के जिस इलाके से मरीज मिला है उस इलाके को बीएमसी ने सील कर दिया है।

राजस्थान में 21 नए मामले, संक्रमित मरीजों की संख्या 154 हुई

राजस्थान में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 21 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 154 हो गई है। राजस्थान में सामने आए नए मामलों में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम से जुड़े महाराष्ट्र के छह और झारखंड का एक व्यक्ति भी शामिल है। उन्हें अस्पताल के पृथक वार्डों में रखा गया है।

इसके अलावा तब्लीगी जमात कार्यक्रम से संबंधित लोगों के संपर्क में आए सात और लोग टोंक में संक्रमित मिले हैं। बीकानेर में भी संक्रमित पाए गए दो युवक तब्लीगी जमात से हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया कि इस बीच भीलवाड़ा में दो और संक्रमित लोग स्वस्थ हो गए। वहां 26 संक्रमित लोगों में से 17 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।

भारत में कोरोना: देशभर में संक्रमित मरीजों की संख्या 2301 हुई, अब तक 56 लोगों की मौत

हिमाचल में तीन नए मरीज, तब्लीगी जमात में हुए थे शामिल
हिमाचल प्रदेश के ऊना में तीन संक्रमित पाए गए। इन सभी लोगों ने दिल्ली के निजामुद्दीन में हुए तब्लीगी जमात कार्यक्रम में भाग लिया था। जिलाधिकारी के मुताबिक ये सभी लोग मंडी जिले के हैं लेकिन नकरोह गांव की मस्जिद में रह रहे थे। फ़िलहाल सभी को क्वारंटीन किया गया है।

57 विदेशी नागरिकों पर मामला दर्ज
सहारनपुर में उन 57 विदेशी नागरिकों पर मामला दर्ज किया गया है, जो दिल्ली में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि ये सभी विदेशी नागरिक यहां रह रहे थे और उन्हें अब पृथक कर दिया गया है, सहारनपुर से 20 लोगों ने भी जमात के कार्यक्रम में हिस्सा लिया था और वे सभी दिल्ली में क्वारंटीन किए गए हैं।

Leave a Reply