लॉकडाउन: पुलिस आरक्षकों के साथ मिलकर कांग्रेस नेता कर रहा था शराब की तस्करी, गिरफ्तार
मुंगेली. छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में अवैध शराब की तस्करी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है. लगातार शराब तस्करी की मिल रही शिकायत पर गुरुवार को एसपी डी श्रवण के निर्देश पर लोरमी एसडीओपी कादिर खान की टीम ने शराब के अवैध तस्करों को नाकेबंदी गिरफ्तार किया. कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के होश तब उड़ गए जब तस्करी करते कोई औऱ नही बल्कि मुंगेली पुलिस के ही 3 आरक्षक एक कांग्रेस नेता के साथ पकड़ा गया.
पुलिस के मुताबिक मुंगेली युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष राहुल सिंह पुलिस के तीन आरक्षकों के साथ मिलकर शराब की अवैध तस्करी कर रहा था. लोरमी इलाके के खुड़िया चौकी में ओरापानी के जंगल में नाकेबंदी की गई, जिसमें मध्यप्रदेश से तस्करी करके जंगल के रास्ते अवैध शराब लाते 52 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 48 हजार रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा देशी शराब भी जब्त की गई है.
इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज
मुंगेली एसपी डी श्रवण के मुताबिक मामले में गिरफ्तार पुलिसकर्मियों में पवन गन्धर्व औऱ युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल सिंह है. जबकि दो पुलिसकर्मी लोकेश सिंह राजपूत औऱ राजेन्द्र यादव मौके से फरार हो गए. दोनों फरार पुलिसकर्मियों की पतासाजी की जा रही है. मामले में एक अन्य आरोपी वाहन चालक राजेंद्र साहू को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. सभी 5 आरोपियों के खिलाफ धारा 188 औऱ 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.
