अभिनेत्री सुष्मिता सेन का एक पैर पर बैठकर संतुलित योगा देख लोग अंचभित
मुंबई । कोरोना वायरस से जूझती पूरी दुनिया में लोग घर में कैद है क्योंकि इसके चलते भारत में भी लोगों की सुरक्षा के लिए लॉकडाउन किया गया है। इस दौरान हमेशा व्यस्त रहने वाले बॉलीवुड अभिनेता घर पर खाली बैठे समय गुजार रहे हैं। लेकिन इस दौरान सभी सोशल मीडिया पर जबरदस्त सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। सोशल एकाउंट्स पर सभी सेलेब्रिटीज अपने फॉलोवर्स के साथ निजी जिंदगी की झलक शेयर कर रहे हैं। कोई किचन में खाना बना रहा तो कोई वर्कआउट सेशन के बारे में अपडेट्स दे रहा है। हाल ही में एक ऐसा ही पोस्ट सुष्मिता सेन ने भी शेयर किया है। इस पोस्ट में वो एक योगा पोज करती दिखाई दे रही हैं, जिसमें उनका हैरान कर देने वाला बॉडी संतुलन दिखाई दे रहा है।
सुष्मिता सेन ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर योगा करते हुए अपनी एक फोटो शेयर की है। इस फोटो में उन्होंने केवल पैरों की उंगलियों पर ही अपना संतुलन बनाया हुआ है। इस फोटो को शेयर करते हुए सुष्मिता सेन ने बताया कि 'ये चुनौती मैंने खुद को को दी है'। इसके साथ ही उन्होंने इस चैलेंज को अपने फॉलोवर्स से भी ट्राई करने को कहा है। इस फोटो में उनका कमाल का बॉडी बैलेंस देखकर सभी आश्चर्यचकित हैं। यही कारण है सुष्मिता की ये फोटो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो रही है।
फोटो में सुष्मिता ने इतना मुश्किल योगा पोज किया है लेकिन उनके चेहरे पर एक भी शिकन नहीं है। वो पूरी तरह से शांत और ध्यान मग्न नजर आ रही हैं। बॉडी बैलेंस के साथ-साथ उनका फोकस भी तारीफ के काबिल है। इस फोटो के साथ उन्होंने ये भी बताया कि ये आसन करना उनके लिए आसान नहीं था। वो शुरुआत में कई बार गिर पड़ी थीं लेकिन निरंतर प्रयास और फोकस से वो इसे करने में सफल हो गईं। बता दें कि बाकी स्टार्स की तरह सुष्मिता सेन भी कोरोना वायरस के चलते सेल्फ आइसोलेशन में हैं। वो अपनी फैमिली के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड कर रही हैं। जिसकी झलक वो अक्सर सोशल मीडिया पर देती दिखाई दे जाती हैं। सुष्मिता सेन फिटनेस फ्रीक हैं और वायरल हो रही उनकी ये योगा वाली फोटो इस बात का सबूत है।
