मध्य प्रदेश आई पहली ‘श्रमिक स्पेशल ट्रेन’, महाराष्ट्र से लेकर आई है ये मजदूरों को
भोपाल । एक ‘श्रमिक स्पेशल ट्रेन’ प्रवासी मजदूरों को लेकर महाराष्ट्र के नासिक से आज सुबह भोपाल मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल लेकर पहुंची। अधिकारियों के अनुसार इस ट्रेन में 347 मजदूर आए हैं। सभी के स्वास्थ्य की जांच की गई है और इसमें ये सभी मजदूर पूरी तरह से फिट पाए गए हैं। वे सभी अपने जिलों के लिए निकल गए हैं, जहां एक बार फिर से उनके स्वास्थ्य की जांच की जाएगी।
भोपाल के एसडीएम ने बताया कि नासिक से मिसरोद रेलवे स्टेशन पहुंचे ट्रेन में मध्यप्रदेश के 28 जिलों के 347 श्रमिक हैं। सुबह 5:45 पर ट्रेन पहुंची थी। सभी लोग मेडिकल तौर पर फिट हैं। अब उन्हें बस में रवाना किया जा रहा है। जैसे ही ये लोग अपने-अपने ज़िले में पहुंचेंगे उनकी फिर स्क्रीनिंग होगी, उसके बाद ये क्वारंटाइन सेंटर पर जाएंगे।
दरअलसल, अलग-अलग राज्यों में फंसे मजदूरों, तीर्थयात्रियों, टूरिस्टों, छात्रों और अन्य लोगों को अपने राज्य पहुंचाने के लिए रेलवे ने ‘श्रमिक स्पेशल’ ट्रेन चलाने का फैसला किया था। इसकी शुरुआत मजदूर दिवस के मौके पर की गई । प्रधानमंत्री के साथ अहम बैठक के बाद गृह मंत्रालय ने रेलवे बोर्ड को स्पेशल ट्रेन चलाने की मंजूरी दी थी ।
यहां यह तय किया गया कि रेलवे से जो भी राज्य सरकार श्रमिक स्पेशल चलाने की मांग करेगी, उस ट्रेन में यात्रियों का किराया राज्य सरकार से ही रेल मंत्रालय लेगा। राज्य सरकार को यह छूट दी गई है कि वह श्रमिकों से किराया ले या नहीं ले। ये स्पेशल ट्रेनें पॉइंट‑टू-पॉइंट राज्य सरकारों के अनुरोध पर चल रही हैं । वहीं, ट्रेन में यात्रा करने के दौरान हर यात्री को मास्क पहनना जरूरी किया गया है।
इस संबंध में रेल मंत्रालय के एग्जिक्युटिव डायरेक्टर राजेश दत्त वाजपेयी का कहना है कि रेलवे में काम करने वाले सभी अधिकारी और कर्मचारी संकट की इस घड़ी में एकजुट होकर देश के साथ खड़े हैं। साथ ही देश के लोगों से भी पूरी मदद की उम्मीद कर रहे हैं।
