विश्व कप के बाद नहीं खेलना चाहते थे धोनी : प्रसाद
मुम्बई । पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कहा है कि विश्व कप के बाद अनुभवी खिलाड़ी महेन्द्र सिंह धोनी स्वयं टीम इंडिया से बाहर रहना चाहते थे, इसलिए उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि हमने धोनी से इस विषय में बात की थी और इसके बाद ही युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को अवसर दिया गया था। प्रसाद ने कहा, 'हमने विश्व कप के बाद धोनी से बात की थी। तब उन्होंने कहा था कि उन्हें कुछ समय के लिए अभी ब्रेक चाहिए। इसके बाद ही हमने ऋषभ को मौका दिया।' प्रसाद का कार्यकाल हाल ही में समाप्त हुआ है। प्रसाद ने कहा, 'अगर आईपीएल समय पर शुरू होता तो हम सभी धोनी को खेलते हुए देख पाते।' विश्व कप 2019 के बाद से ही धोनी के संन्यास को लेकर लगातार अटकलें लगाई जाती रही हैं हालांकि धोनी ने अभी तक इस मामले में अपनी ओर से कुछ नहीं कहा है। यह भी कहा जा रहा था कि आईपीएल में अपने प्रदर्शन के जरिये धोनी टी20 विश्व कप के लिए टीम इंडिया में वापसी करने के बाद खेल को अलविदा कह देते पर कोरोना महामारी के कारण आईपीएल स्थगित हो गया है, वहीं टी20 विश्वकप का आयोजन भी खतरे में पड़ता नजर आ रहा है। इससे धोनी के लिए एक प्रकार से टीम इंडिया में वापसी की संभावनाएं तकरीबन समाप्त हो गयी है क्योंकि उन्होंने विश्व कप 2019 के बाद से ही क्रिकेट नहीं खेला है।
