वॉ और पोंटिंग की टीम से नहीं कर सकते वर्तमान भारतीय टीम की तुलना : नेहरा

नई दिल्ली । पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा का मानना है कि वर्तमान भारतीय टीम की तुलना 90 के दशक की ऑस्ट्रेलयाई टीम से नहीं की जा सकती है। वहीं कप्तान विराट कोहली की भारतीय टीम ने 2018-19 में आस्ट्रेलिया में अपनी पहली टेस्टा श्रृंखला जीती। नेहरा ने पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा के शो पर कहा, ‘‘इस भारतीय टीम को स्टीव वॉ और फिर रिकी पोंटिंग की कप्तानी ऑस्ट्रेलियाई टीम की बराबरी पर आने के लिए अभी काफी दूरी तय करनी होगी।’’उन्होंने कहा, ‘‘आप आस्ट्रेलियाई टीम के बारे में बात कर रहे हो जिसने लगातार तीन विश्व कप जीते थे और फिर 1996 के फाइनल में पहुंची थी, उसने घरेलू और विदेशी धरती पर 18-19 टेस्ट मैच जीते थे।’’ 
नेहरा ने कहा, ‘‘ऐसा नहीं है कि यह भारतीय टीम वहां तक नहीं पहुंच सकती लेकिन मेरा मानना है कि कोर ग्रुप बहुत अहम है। इसलिये सबसे महत्वपूर्ण चीज है कम लेकिन बेहतर होना। ’’नेहरा ने कहा कि टीम प्रबंधन ने अभी तक किस तरह ऋषभ पंत के कैरियर को कैसे संभाला है। उन्होंने कहा, ‘‘लोकेश राहुल पांचवें स्थान पर खेल रहे हैं और जिस व्यक्ति ऋषभ को आप अनुभवी महेंद्र सिंह धोनी की जगह लाने की तैयारी कर रहे थे, वो अब ड्रिंक्स दे रहा है। ’’ ऋषभ लगातार अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाने के कारण सीमित ओवरों की क्रिकेट में भारतीय टीम में अपना स्थान राहुल को गंवा चुके हैं। नेहरा ने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि ऋषभ को कई अवसर दिये गये। उसे टीम में रखा है क्योंकि उसमें संभावनाऐं देखी गयी थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ ऐसे ही कई अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं पर उनका लंबे समय तक समर्थन किया जाना चाहिए था जो नहीं हुआ। आज जब हम एकदिवसीय टीम में पांचवें और छठे स्थान की बात करते हैं तो हम इसके बारे में तय नहीं होते।’’ वहीं नेहरा ने कोहली की कप्तानी के बारे में कहा कि वह इसमें अब भी प्रगति कर रहे हैं। 

Leave a Reply