बुमराह को काउंटी क्रिकेट खेलने की जरुरत नहीं : अकरम
लाहौर । पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने कहा कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलने नहीं जाना चाहिए। अकरम के अनुसार बुमराह पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारुपों में खेल रहे हैं, ऐसे में उनके लिए काउंटी में खेलना जरुरी नहीं है। बुमराह ने अभी तक काउंटी क्रिकेट नहीं खेला है और वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के शीर्ष गेंदबाजों में से एक हैं। आईपीएल का कार्यक्रम भी काफी व्यस्त होता है पर अभी कोरोना वायरस के कारण उसे टाल दिया गया है। अकरम ने कहा, ‘अब काफी क्रिकेट खेला जा रहा है पर बुमराह जैसे शीर्ष गेंदबाज को काउंटी में खेलने जाने की जगह तरोताजा होने के लिए आराम करना चाहिये। उन्हें काउंटी क्रिकेट खेलने जाने की कोई जरुरत नहीं है। वहीं युवा खिलाड़ियों को ही गेंदबाजी सीखने के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में ज्यादा खेलना चाहिए।’ इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि टी20 के दौर में भी टेस्ट क्रिकेट का महत्व सबसे ज्यादा है। अकरम ने माना कि टी20 शानदार प्रारुप है। इसके साथ ही वहां काफी पैसा है पर कहा कि टी20 में कोई गेंदबाजी की कला नहीं सीख सकता। इसलिए मैं खिलाड़ियों को टी20 के प्रदर्शन पर नहीं आंकता हूं, मैं उनका आंकलन टेस्ट मैच के प्रदर्शन के आधार पर ही करता हूं। साथ ही कहा कि खिलाड़ियों के लिए पैसे की जरूरत को भी मैं समझता हूं। इसलिए उन्हें इसमे भी खेलने को कह रहा हूं।
