भाजपा कार्यालय में आज एक के बाद एक होगी बैठकें

  • जनजागरण अभियान के लिए
  • पटवारी आज से निकले सांवेर के दौरे पर
  • 11 जून के अभियान के लिए आज बैठक
  • शहरी क्षेत्र के छ: विधानसभा के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

इन्दौर। कोरोना संक्रमण से लोगों को सचेत करने के लिए भाजपा अब जनजागरण चलाएगी। हालांकि ये जनजागरण ऐसे समय चलाया जा रहा है, जब शहर में कोरोना का संक्रमण फैले सवा दो महीने हो गए हैं और अब तो संक्रमितों की संख्या घटने लगी है।
इसको लेकर भाजपा के पदाधिकारियों की आज दीनदयालभवन में बैठक हो रही है। इसमें शहरी क्षेत्र के सभी 6 विधानसभाओं के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को बुलाया है। इसमें हारे-जीते विधायक, विधानसभा में निवासरत सभी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विधानसभा में रहने वाले सभी मोर्चे के नगर अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, वार्ड संयोजक, पार्षद तथ जनजागरण मंडल के मंडल प्रभारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्रियों को भी बुलाया गया है। बैठक सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 7 बजे तक चलेगी। यह जनजागरण अभियान 11 जून को चलाने का निर्णय लिया गया है, लेकिन सवाल उठता है कि शहर में जब से कोरोना शुरू हुआ, तब से ऐसा कोई जनजागरण अभियान नहीं चलाया और अब इसे चलाए जाने का क्या मतलब है?

रोज करेंगे करीब 10 गांवों का दौरा, प्रमुख कार्यकर्ताओं की लेंगे बैठक
सांवेर उपचुनाव को लेकर बनाई गई वरिष्ठ नेताओं की टीम में शामिल पूर्व मंत्री जीतू पटवारी आज से सांवेर के दौरे पर निकल पड़े हैं, वे रोज करीब 10 गांवों का दौरा करेंगे और प्रमुख कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर बैठक करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सांवेर के चुनाव के लिए 10 वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की टीम बनाई है, जिन्हें अलग-अलग क्षेत्र में जवाबदारी सौंपी गई हंै। मंत्री पटवारी को विशेष जवाबदारी दी गई है। हालंाकि टीम में रामेश्वर पटेल जैसे वरिष्ठ नेताओं के साथ‑साथ जिला और शहर अध्यक्ष एवं विधायक शामिल हैं। सरकार गिरने के बाद पटवारी को सांवेर में सक्रिय कर दिया गया था, ताकि कांग्रेस में तोडफ़ोड़ न हो सके। हालांकि मंत्री सिलावट समर्थक कई लोग इस दौरान कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। अब पटवारी आज से सांवेर में दौरा शुरू कर रहे हैं। वे एक दिन में 10–10 गांवों में पहुंचेंगे और वहां के वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं से अलग-अलग मुलाकात करेंगे। आज सुबह उन्होंने अपना दौरा अलवासा से शुरू किया। इसके बाद वे पालिया पहुंचे। यहां से बघाना, मेरखेड़ी, धतुरिया, टाकून, नागपुर, अजनोद, कछालिया, खलखला, चन्द्रावतीगंज, पोटलोद होते हुए शाम साढ़े 7 बजे सांवेर पहुंचेंगे।

Leave a Reply