जेएनयू में 15 अगस्त तक बंद रहेंगे सभी शैक्षणिक संस्थान, छात्रों को घर जाने की सलाह
नई दिल्ली । जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने कोरोना संकट के मद्देनजर विश्वविद्यालय परिसर में सभी स्थित शैक्षणिक संस्थानों को 15 अगस्त तक बंद रखने का फैसला किया है। ऐसे में जेएनयू प्रशासन ने छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों को घर जाने की सलाह दी है।
जेएनयू के डीन ऑफ स्टूडेंट्स प्रो. सुधीर प्रताप सिंह ने एक सर्कुलर जारी कर कहा कि जेएनयू स्वास्थ्य केंद्र के एक स्टाफ सदस्य (फार्मासिस्ट) की एक दिन पहले ही कोविड‑19 रिपोर्ट पॉजिटिव आने और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर शैक्षणिक संस्थानों को फिर से खोलने का समय अनिश्चित है और 15 अगस्त तक या उसके बाद ही इन्हें खोलना संभव होगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोविड‑19 सकारात्मक मामलों की संख्या तेजी से बढ़ रही है ऐसे में सभी छात्र जो हॉस्टल में फंसे हुए हैं उन्हें जल्द से जल्द अपने घर लौटने की सलाह दी जाती है। वे विश्वविद्यालय के दोबारा खुलने के बाद वापस आ सकते हैं। इसके अलावा, जो छात्रावास निवासी पहले ही विश्वविद्यालय परिसर छोड़ चुके हैं, उन्हें तब तक वापस नहीं आना चाहिए, जब तक कि विश्वविद्यालय को दोबारा नहीं खोला जाता।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले ही केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने देशभर में स्कूलों और कॉलेजों को अगस्त के बाद फिर से खोलने की सम्भावना जताई थी।
