मॉनसून के लिए मुंबई मनपा तैयार, हर वार्ड में होंगे नियंत्रण कक्ष
मुंबई। मानसून का इंतजार बड़ी बेसब्री से मुंबईकर कर रहे हैं। मौसम विभाग ने भी अगले २४ घंटे में मुंबई में मानसून की दस्तक का पूर्वानुमान लगा रखा है. बारिश के समय मुंबईकरों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या न हो, इसके लिए मनपा ने भी पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए मनपा ने इस साल से मुंबई के सभी 24 वार्डों में आधुनिक नियंत्रण कक्ष की शुरुआत की है। इसके अलावा मुंबई के सभी स्थानों पर नजर बनाए रखने के लिए 5,258 कैमरे और 12 हॉटलाइन भी कार्यरत रहेंगे। साथ ही मनपा का आपदा प्रबंधन विभाग हर प्रकार की चुनौती से लड़ने के लिए 24 घंटे तैयार रहेगा। दरअसल मॉनसून आने से मुंबई में किसी भी प्रकार की विकट समस्या न खड़ी हो, इसके लिए मनपा द्वारा पहले से ही सारी तैयारियां कर ली गई हैं। इस बारे में मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने व्यवस्था से संबंधित सभी प्रकार की जानकारियां दीं। इसके लिए मनपा द्वारा 24 प्रशासकीय कार्यालय, 6 बड़े अस्पताल और 52 हॉटलाइन शुरू किए गए हैं। इसके अलावा मदद के समय हेल्पलाइन 1916 की सुविधा के साथ अतिरिक्त सुविधा के लिए मोबाइल नंबर 22694725/ 2722704403, फैक्स-22694719 भी उपलब्ध रहेंगे।
– आर्मी, नौदल, तटरक्षक दल और अग्निशमन दल रहेंगे तैनात
आपातकालीन स्थिति के समय मनपा के अग्निशमन दल के 160 अधिकारी और कर्मचारियों के साथ इंडियन आर्मी की 6 टुकड़ी, नौदल के 5 बचाव पथक, इंडियन तटरक्षक दल के 4 पथक और राष्ट्रीय आपत्ति प्रतिसाद पथक की 3 टुकड़ी तैनात रहेगी। इसके लिए मनपा के डिजास्टर मैनेजमेंट एमसीजीएम मोबाइल ऐप पर लोगों की मुसीबत के समय स्थिति का ध्यान रखकर उनसे संपर्क किया जाएगा।
– नहीं होगा जलजमाव, स्कूलों में मिलेगा आश्रय
मुंबई के किसी भी स्थान पर जलजमाव न हो, इसके लिए मनपा द्वारा 299 स्थानों पर पंप लगाए गए हैं। साथ ही बारिश के समय 134 स्कूलों में लोगों को आश्रय प्रदान किया जाएगा, जिन स्थानों पर खतरा होने की आशंका ज्यादा है, वहां 20 जीवनरक्षक टीम तैनात रहेगी।
– ऐसे रहेगा नियंत्रण
– मुंबई के विभिन्न स्थानों पर 5,258 कैमरे तैनात रहेंगे, जिससे मौजूदा हालात की जानकारी ली जा सकेगी।
– नियंत्रण कक्ष में एक संदेश भेजने के लिए एक रेडियो रहेगा जो संदेश प्रेषित करेगा।
– मनपा के मुख्य नियंत्रण कक्ष में कोई भी समस्या होने पर परेल स्थित आपद विभाग कार्यरत होगा।
– पेड़-पौधे टूटकर नीचे गिर जाने पर 24 घंटे कनिष्ठ वृक्ष अवेक्षक उपलब्ध रहेगा।
