कलेक्टर का अफसरों के पास मेल आया-मुझे अमेजॉन के 4 कार्ड चाहिए….!!

हरदा.हरदा (Harda) जिले में रविवार की देर शाम जिले के सभी एसडीएम (SDM) और तहसीलदार को कलेक्टर (COLLECTOR) के नाम से मेल आया. मेल में लिखा था कि मुझे आपकी आईडी चाहिए. मेरा कार्ड ब्लॉक हो गया है. मुझे अमेजॉन (Amazon) के पांच हजार के चार कार्ड चाहिए. हंडिया तहसीलदार ने फौरन 20 हजार रुपए जमा भी करा दिए. लेकिन ये क्या. बाद में पता चला कि मेल तो फर्ज़ी है.

हरदा तहसीलदार ठग लिए गए. इसका खुलासा तब हुआ जब और रुपयों की मांग की गयी. उसके बाद तहसीलदार ने कलेक्टर से संपर्क किया तो पता चला कि कलेक्टर ने तो कोई मेल किया ही नहीं है. अब तहसीलदार ने हंडिया थाने में मामला दर्ज कराया है.

हरदा जिले में कलेक्टर अनुराग वर्मा के नाम से फर्जी आईडी बनाकर तहसीलदारों और एसडीएम को मेल किया गया. रविवार शाम कलेक्टर अनुराग वर्मा के नाम से जिले के तीनो एसडीएम और सभी छह तहसीलदारों की आधिकारिक शासकीय मेल आईडी पर मेल आया था. इसमें लिखा था कि उनका कार्ड बंद हो गया है,उन्हें रुपयों की जरूरत है. उन्हें पांच पांच हजार के चार कार्ड चाहिए. रुपए जमा करने के लिए एक खाता नंबर भी दिया गया. कलेक्टर के नाम से आया मेल देख तत्काल हंडिया तहसीलदार अर्चना शर्मा ने मेल में लिखे अकाउंट नंबर पर 20 हजार रुपए जमा करा दिए.

ऐसे हुआ शक

उसके बाद जब और 40 हजार रुपए की मांग आयी तो तहसीलदार को शक हुआ. उन्होंने फौरन कलेक्टर अनुराग वर्मा से संपर्क किया. कलेक्टर के इंकार के बाद इस ऑनलाइन धोखाधड़ी का खुलासा हुआ. लेकिन तब तक हंडिया तहसीलदार अर्चना शर्मा 20 हजार रूपए गंवा चुकी थीं.

पश्चिम बंगाल से ठगी

साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है. जांच में यह बात सामने आयी कि राशि वेस्ट बंगाल के किसी खाते में ट्रांसफर हुई है. जांच एजेंसी के माध्यम से उस खाते को फ्रीज कराया गया. वहीं ठगी का शिकार बनी हंडिया तहसीलदार हंडिया थाने पहुंची और अज्ञात व्यक्ति पर धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कराया.तहसीलदार अर्चना शर्मा ने बताया कि उनकी शासकीय मेल आईडी को हैक कर इस पूरी ठगी को अंजाम दिया गया है.

पुलिस ने बताया

हंडिया थाना प्रभारी सीएस सरियाम ने बताया कि हंडिया तहसीलदार ने रात में मामला दर्ज कराया है. प्रकरण में कलेक्टर की फर्जी मेल आईडी बनाकर तहसीलदार की अधिकृत मेल आईडी पर मेल भेजकर रुपए की मांग की गयी थी. शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति पर धारा 420. 419 और आईटी एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है.
 

Leave a Reply