कोरोना: इंदौर की कई कॉलोनियों में मिले मरीज
इंदौर । प्रदेश के इंदौर शहर के पूर्वी क्षेत्र की कई कॉलोनियों में फिर जानलेवा कोरोना वायरस लौट आया है। बीते दो दिन में तिलक नगर और इससे जुड़ी कॉलोनियों में पांच मरीज निकलने से हड़कंप है। तिलक नगर गली नंबर एक में एक दंपती कोरोना पॉजिटिव निकला। तिलक नगर स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे एक महिला पॉजिटिव मिली हैं। वंदना नगर में एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। ये सभी अरबिंदो अस्पताल में इलाजरत हैं। तिलक नगर, साईंनाथ कॉलोनी, वंदना नगर, बीमा नगर और न्यू पलासिया क्षेत्र में नए मरीज मिल रहे हैं। तिलक नगर में पहले दौर में लगभग 30 मरीज मिले थे जिनमें से कुछ की मौत हुई और बाकी ठीक होकर घर आ गए। साईंनाथ कॉलोनी में 32 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव निकला है। वह होम आइसोलेट है। आइडीए के पूर्व संचालक राजेश उदावत ने बताया कि नगर निगम स्तर पर सैनिटाइजेशन को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। तिलक नगर गली नंबर एक में पूरी गली में सैनिटाइजेशन होना था, लेकिन निगमकर्मी केवल संक्रमित परिवार के घर पर सैनिटाइजेशन कर चले गए।पूर्व पार्षद दिलीप शर्मा ने बताया कि बीमा नगर में एक ही परिवार के तीन सदस्य कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।हातोद में पिछले दिनों शादी और मान का कार्यक्रम हुआ था। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। तबीयत बिगड़ने पर जांच के बाद एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। उसके संपर्क में आए 62 लोगों की जांच की गई। इनमें से 27 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इधर, महू तहसील में मंगलवार को छह और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। न्यू पलासिया क्षेत्र में भी 20-22 लोगों के कोरोना संक्रमित होने की सूचना है। इंदौर जिले के हातोद क्षेत्र में 28 संक्रमित मिले। इनमें से भोई मोहल्ला में 27 एक ही परिवार के हैं जबकि एक महिला नजदीकी गांव फूलकराड़िया की रहने वाली है।
