इंदौर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, ASP सहित 5 अधिकारी घायल, 2 अपराधी भी जख्मी

इंदौर. इंदौर (Indore) के परदेशीपुरा थाना (Pardeshipura Police Station) इलाके में बीते दिनों हुई बैंक लूट मामले में पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी. इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि चार बदमाश सुपर कॉरिडोर इलाके (Super Corridor Area) में बैठकर एक जगह शराब खोरी कर रहे हैं. और बैंक लूट के पैसों का बंटवारा कर रहे हैं. तभी पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेने के लिए मौके पर पहुंच गई. पुलिस को देखते ही बदमाशो ने हमला बोल दिया. बदमाशों ने एक के बाद एक कई राउंड गोलियां चलाईं. ऐसे में खुद को घिरता देख पुलिस ने भी जबाबी कार्रवाई में फायरिंग की. पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए. जबिक, ASP सहित पांच पुलिस अधिकारी भी जख्मी हुए हैं. वहीं,  भागने की फिराक में एक आरोपी दीवार से कूद गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोटे आई हैं. पुलिस ने सभी घायलों को एमवाय अस्पताल (MY Hospital) लाकर भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस को मौके से दो पिस्टल और और तीन लाख रुपए नगद मिले हैं. आशंका है कि यह नगदी बैंक लूट की होगी. पुलिस इस मामले में फिलहाल पड़ताल कर रही है. परदेशीपुरा थाना इलाके के वांटेड बदमाश शुभम और अंकुर ने बैंक लूट की वारदात को अंजाम दिया था.तीन बदमाशों में से दो की बैंक के सामने ही दूकान थी. आशंका है कि बदमाशों ने दुकान पर बैठ कर ही बैंक की रेकी की होगी और बैंक लूट की वारदात को अंजाम दिया होगा. बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

वांटेड आरोपियों को पकड़ने गयी पुलिस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी
इंदौर डीआईजी हरिनारायण चारी मिश्रा के मुताबिक, परदेशीपुरा थाना पुलिस के वांटेड आरोपियों को पकड़ने गयी पुलिस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी थी. जबाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हुए हैं. एक अन्य आरोपी भी घायल हुआ है. उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान ही बाणगंगा थाना प्रभारी राजेंद्र सोनी, हीरा नगर थाना प्रभारी राजीव भदौरिया और परदेशीपुरा थाना प्रभारी राहुल शर्मा सहित सीएसपी और एएसपी भी घायल हुए हैं. आरोपियों से अभी विस्तृत पूछताछ होगी. इनके पास से दो पिस्टल और नगद तीन लाख रुपये मिले हैं. इन्हें जब्त कर आगे के कार्रवाई की जा रही है.
 

Leave a Reply