कोरोना से उबरकर ट्रेनिंग पर लौटे जोकोविच
बेलग्रेड । विश्व के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच कोरोना संक्रमण से उबरकर एक बार फिर कोर्ट में लौट आये हैं। जोकोविच के ट्रेनिंग पर लौटने के बाद टेनिस सेंटर के मुख्य कोच बोरिस बोस्जाकोविच ने अपने इंस्टाग्राम पर तस्वीर भेजी हैं, इसमें जोकोविच अपने ही देश के खिलाड़ी फिलिप क्राजिनोविच के साथ अभ्यास करते हुए नजर आ रहे हैं।
जोकोविच ने सर्बिया और क्रोएशिया में एड्रिया टूर टूर्नामेंट आयोजित करने में अहम भूमिका निभाई थी। इसमें उनके साथ ही कई अन्य दिग्गज खिलाड़ियों ने भी भाग लिया था। इसी दौरान उन्होंने एक नाइट क्लब में पार्टी भी की थी। इसके बाद जोकोविच, उनकी पत्नी और कोच सहित तीन अन्य खिलाड़ियों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया था। इस कारण वह आलोचना का शिकार भी हुए थे। इसके बाद जोकोविच ने इस पूरे मामले की जिम्मेदारी लेते हुए माफी भी मांगी थी। इस स्टार खिलाड़ी का कहना था कि खेल की वापसी का उन्होंने प्रयास किया था। कोरोना महामारी के बाद से ही खिलाड़ी लंबे ब्रेक के कारण परेशान हो रहे थे।
