सिंधिया के निशाने पर कमलनाथ, बोले- अतिथि का करेंगे स्वागत, जनता करेगी विदाई का फैसला

ग्वालियर. ग्वालियर (Gwalior) आए भाजपा के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने कमलनाथ के ग्वालियर दौरे पर निशाना साधा है. सिंधिया ने कहा कि कमलनाथ (Kamal Nath) ग्वालियर आ रहे हैं तो उनका अतिथि के तौर पर स्वागत करेंगे. सिंधिया ने कहा कि वो और भाजपा किसी को निपटाने का काम नहीं करते. सिर्फ विकास के लिए काम करते हैं. सिंधिया ने राहुल गांधी के PM मोदी पर दिए बयान का पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कोरोना महामारी से जूझते हुए देश के लिए काम किया है, जबकि विपक्ष सिर्फ टिप्पणी का काम करती है.

बता दें कि गुरुवार को ग्वालियर आए राज्य सभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और चुनावी रणनीति का मंत्र दिया. इस दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए सिंधिया ने  कमलनाथ के ग्वालियर के दौरे पर कहा कि ग्वालियर मेरा घर है, आपका घर है. अपने घर में हर व्यक्ति का स्वागत करते हैं. हम में निपटाने जैसी कटुता नहीं है. जो भी अतिथि ग्वालियर आएगा, उसका स्वागत किया जाएगा. जब चुनाव आएगा तो जनता उचित निर्णय लेकर उन्हें यहां से वापस भेजेगी. सिंधिया ने कहा कि हम जनता के लिए काम कर रहे हैं, और कांग्रेस सिर्फ राजनीति. हमें पूरी उम्मीद है कि जनता को अंचल के विकास के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और हम सबका एकजुट प्रयास और समर्पण दिख रहा है. चुनाव के बाद टीम कमलनाथ को जनता वापस भेज देगी.

राहुल गांधी पर साधा निशाना

राहुल गांधी के नोटबंदी और लॉकडाउन को लेकर दिए बयान पर सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महामारी में सुरक्षा का वातावरण तैयर किया है. एक तरफ PM मोदी की विकासधारी सोच है तो दूसरी तरफ कांग्रेस की टीप्पणी करने वाली सोच है. वहीं साल 2019 में व्यापम की शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करने वाले युवाओं ने सिंधिया से जयविलास पैलेस में मुलाकात की. युवाओं ने कहा कि सालभर से वो नियुक्ति के लिए इंतजार कर रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रकिया बीच में ही बंद हो गई. जल्द भर्ती नहीं हुई तो मजबूर होकर वो चुनाव का बहिष्कार भी कर सकते हैं. सिंधिया ने सभी युवाओं को भरोसा दिलाया कि इस संबंध में वे मुख्यमंत्री से बात कर जल्द नियुक्तियों का प्रयास करेंगे.
 

Leave a Reply