राहु व केतु बदल रहे राशि, महामारी घटेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
सितंबर माह ग्रहों की राशि परिवर्तन के लिए खास माना जा रहा है। ज्योतिषियों का मत है कि करीब एक दशक बाद ऐसी स्थिति बन रही है कि इस माह 9 में से 5 ग्रह अपनी स्वराशि में हैं। सभी ग्रह अपनी स्वयं के आधिपत्य वाली राशि में होने पर अधिक बलशाली होते हैं और जिन राशियों पर उनकी दृष्टि होती है, उन पर अधिक असर डालते हैं। दूसरी ओर 23 सितंबर को राहु मिथुन से वृषभ में और केतु, धनु से वृश्चिक राशि में पहुंचेंगे। यह दोनों ही ग्रह 12 अप्रैल 2022 तक इन्हीं राशियों में रहेंगे। ज्योतिषियों का मत है कि 5 ग्रहों के अपनी राशि में होने से अब जन स्वास्थ्य में सकारात्मक परिणाम दिखाई देंगे। वहीं, राहु व केतु का राशि परिवर्तन आर्थिक मंदी में कमी लाएगा। कृषि के क्षेत्र में हालात सुधरेंगे और सरकारी क्षेत्रों में नौकरियों के अवसर बढ़ेंगे।
ग्रहों की राशि परिवर्तन के दिखेंगे सकारात्मक परिणाम
ब्रह्म ज्योतिष संस्थान के ज्योतिषाचार्य पंड़ित जगदीश शर्मा ने बताया कि एक दशक बाद इस माह 9 में से 5 ग्रह अपनी राशि में होंगे, जिसके ज्यादातर सकारात्मक परिणाम ही दिखाई देंगे। सूर्य वर्तमान में अपनी स्वयं की राशि सिंह और मंगल, मेष, बुध, कन्या, बृहस्पति, धनु व शनि मकर राशि में हैं। राहू-केतु के राशि परिवर्तन से सकारात्मक परिणाम दिखने लगेंगे। शनि के 29 सितंबर को मार्गी होने पर महामारी के कम होने की संभावना है। हालांकि, महामारी को कमजोर पड़ने में अप्रैल 2021 तक का समय लग सकता है।
मेष राशि के लोगों को मिल सकता है प्रमोशन
मां चामुंडा दरबार के ज्योतिषाचार्य पं विनोद रावत के अनुसार इस माह दो छाया ग्रह राहु-केतु 18 माह के बाद राशि बदल रहे हैं। ये राशि परिवर्तन 22 और 23 सितंबर की मध्य रात्रि में होगा। शनि के बाद राहु-केतु ही एक राशि में सबसे ज्यादा समय तक रुकते हैं। ये दोनों ग्रह हमेशा वक्री रहते हैं। इसीलिए पीछे की ओर चलते हैं। राहु, मिथुन से वृषभ राशि में और केतु, धनु से वृश्चिक राशि में प्रवेश करेगा। राहु-केतु 18 वर्ष के बाद क्रमशः वृषभ और वृश्चिक में प्रवेश करेंगे। आगे 14 मार्च 2022 तक राशि नहीं बदलेंगे। राहु का प्रवेश वृषभ राशि में होगा। इसका स्वामी शुक्र है। शुक्र-राहु का मित्र है। केतु का प्रवेश वृश्चिक राशि में होगा। इस राशि का स्वामी मंगल है, जो केतु के लिए अनुकूल है। इससे मेष राशि के लोगों को प्रमोशन मिलने की ज्यादा संभावना है, वहीं वृष राशि के जातकों को संभलकर रहना होगा।
बारह राशियों पर पड़ेगा यह असर
मेष : आय में वृद्धि, नौकरी में प्रमोशन।
वृष : परेशानियां बढ़ेंगी, आत्मविश्वास बनाए रखें।
मिथुन : आर्थिक मामलों में तरक्की होगी, नई कार्ययोजना बनाएं।
कर्क : वाहन चलाने में सावधानी रखें। धन लाभ की संभावना।
सिंह : विवादित मामलों में पीछे हो जाएं, आय में इजाफा।
कन्या : निराशा दूर होगी, धन हानि की आशंका।
तुला : श्रम अधिक करें, सफलता के लिए प्रयास जारी रखें।
वृश्चिक : विधार्थियों को सफलता मिलेगी।
धनु : व्यापार में रुकावट, सेहत में सुधार।
मकर : कर्ज चुकेगा, शत्रुओं से सावधान रहें।
कुंभ : पारिवारिक समस्याओं का निराकरण होगा, आय में कमी आएगी।
मीन : माता-पिता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
