भाजपा सरकारों ने हमेशा आदिवासियों की चिंता की हैः कुलस्ते
भोपाल। केन्द्र की मोदी सरकार और प्रदेश की शिवराज सरकार ने आदिवासी समाज के लिए कई योजनाएं बनाई, जिससे आदिवासी समाज निरंतर प्रगति की ओर बढ रहा है। भाजपा सरकारों ने गरीब, किसान, मध्यम वर्ग, आदिवासियों सहित सभी वर्गो की हमेशा चिंता की है। यह बात केन्द्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने सोमवार को बदनावर विधानसभा के बखतगढ़ में आयोजित मंडल सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
श्री कुलस्ते ने कहा कि मोदी सरकार ने आवासहीन गरीबों को स्वयं की छत देकर उनको आसरा दिया है। कांग्रेस ने हमेशा ही आदिवासियों का शोषण करने का काम किया, वहीं भाजपा सरकार ने आदिवासियों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलायी। प्रदेश में चल रही लोककल्याणकारी योजनाओं को बंद करके कमलनाथ सरकार ने गरीबों को छलने का काम किया है। प्रदेश सरकार ने आदिवासी महापुरूषों के सम्मान में कई योजनाएं चलायी। श्री कुलस्ते ने कहा कि चुनावी मौसम में बहुत सारे लोग आदिवासियों को बरगलायेंगे। फिर वोट लेने के बाद कभी दिखाई नहीं देंगे। हमें ऐसे नेता को वोट देना है जो हमेशा आपके बीच रहे और आपकी समस्या को सुनकर तकलीफ दूर करे। हमें भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में ज्यादा से ज्यादा मतदान कर पार्टी को जिताना है। सम्मेलन को प्रदेश शासन के मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, प्रेम सिंह पटेल, सांसद गुमान सिंह डामोर, छतरसिंह दरबार ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी कृष्णमुरारी मोघे, पूर्व विधायक खेमराज पाटीदार, राजेश अग्रवाल, जिलाध्यक्ष राजीव यादव सहित जिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
