प्रद्युम्न की जीत मुख्यमंत्री शिवराज के साथ केन्द्र में प्रधानमंत्री मोदी को मजबूती देगी
ग्वालियर।यह चुनाव केवल श्री प्रद्युम्न सिंह जी या ग्वालियर विधानसभा का नहीं बल्कि मध्य प्रदेश का भविष्य का चुनाव है। तीन नवंबर को जो मतदान होगा, वह मुख्यमंत्री श्री शिवराज जी को तो स्थायीत्व देगा ही, साथ में केन्द्र में प्रधानमंत्री श्री मोदी जी को भी मजबूत करेगा। इसलिए कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं और घर-घर जाकर जनसंपर्क करें, जिससे जीत हजारों वोटों से हो। यह कहना केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर जी का। श्री तोमर बुधवार को ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में दुर्गादास राठौर मंडल के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस सम्मेलन में प्रत्याशी और ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर को नंबर वन शहर बनाने में विकास के संदेश को कार्यकर्ता घर-घर पहुंचाएं। इस सम्मेलन में मप्र सरकार के मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, जिलाध्यक्ष श्री कमल माखीजानी, वरिष्ठ नेता श्री वेदप्रकाश शर्मा, श्री अरुण सिंह तोमर, श्री अशोक शर्मा सहित कई नेता उपस्थित थे। केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कई वार्डों के कार्यकर्ताओं से कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्थन से ही नेता बनते हैं और यह भाजपा जैसे राजनीतिक दल में संभव है कि गदाईपुरा इलाके से निकला एक साधारण कार्यकर्ता, पार्टी का अध्यक्ष बन सकता है। अन्य राजनितिक दलों में केवल अध्यक्ष और पदाधिकारी होते हैं, कार्यकर्ता नहीं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। भाजपा में कार्यकर्ता होना ही गर्व की बात है। भाजपा परिवार में श्री प्रद्युम्न सिंह जी के शामिल होने से एक और परिवार आ गया है और इससे पार्टी सर्वव्यापी दिखती है। पार्टी बढ़ाने में कार्यकर्ता ही मेहनत करता है और सभी कार्यकर्ता मेहनत करके ही विधानसभा का परिणाम निकाल सकते हैं। यह उपचुनाव क्यों हो रहे हैं, यह सभी को मालूम है। श्री प्रद्युम्न जी के इस्तीफे से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और भाजपा का झंडा ऊंचा हुआ। अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी चुनाव जितानी की है। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसे संक्रमण के चलते कार्यक्रमों पर भी प्रभाव पड़ा है। इसलिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे क्षेत्र की जनता से लगातार जनसंपर्क के जरिए संवाद बनाकर रखें। कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं और तीन नवंबर तक मतदान तक लगातार काम करें। इससे हम जीत को हजारों वोटों में बदलने में सफल होंगे। वैसे श्री प्रद्युम्न सिंह जी जमीनी नेता हैं और चाहे वे विपक्ष में हो सत्ता पक्ष में, हमेशा उन्होंने लोगों की समस्याओं को उठाया है और लोगों के काम किए हैं। यही एक जनप्रतिनिधि का दायित्व है। समय कम होने से कुछ कार्यकर्ताओं से भले ही संपर्क नहीं हो, लेकिन कार्यकर्ता उनके संदेश लेकर जनसंपर्क तेज करें। वैसे भी यह चुनाव केवल श्री प्रद्युम्न सिंह जी का नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज जी की सरकार के स्थायीत्व का भी है। यही नहीं यहां की जीत से केन्द्र की मोदी सरकार भी मजबूत होगी। दुनिया देख रही है कि भारत लगातार मजबूत हो रहा है और अब कार्यकर्ताओं की जीत प्रधानमंत्री श्री मोदी को दुनिया का नेतृत्व करने में योगदान देगी। इस सम्मेलन में श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस के कुशासन से ग्वालियर-चंबल की जनता और कार्यकर्ताओं का अपमान हुआ तो भाजपा ने सेवा का मौका दिया। भाजपा सरकार के जरिए क्षेत्र की सभी समस्याओं का समाधान होने लगा। इसके लिए वे भाजपा के कृतज्ञ हैं और वे किसी गुट के नहीं, बल्कि भाजपा के सदस्य हैं। वे विधायक मंत्री और आम कार्यकर्ता की तरह यदि पार्टी कार्यालय मुखर्जी भवन में झाड़ू लगाने का काम भी मिलेगा तो वे करेंगे।
