कर्मचारियों के लिए मुस्कान लेकर आई दीपावली, कुछ कंपनियों ने की पूरा वेतन देने की शुरुआत 

मुंबई । कोरोनाकाल में परेशानियों का कामना कर रहे लोगों के चेहरे पर दीपावली मुस्कान लेकर आई है। कई कंपनियों ने कर्मचारियों का पूरा वेतन बहाल करने के साथ ही दीपावली का बोनस देना शुरू कर दिया है। जबकि, कुछ कंपनियों ने निर्धारित समय से पहले ही वेतन बढ़ोतरी पर विचार करना शुरू कर दिया है। कोरोना से बुरी तरह प्रभावित सेक्टरों के कर्मचारियों को अभी कुछ और इंतजार करना पड़ रहा है। वोल्टास और विजय सेल्स ने अपने कर्मचारियों को दीपावली का बोनस दिया है, जबकि अर्बन कंपनी निर्धारित समय से पहले ही कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी करने जा रही है। देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने न केवल अपने हाइड्रोकार्बन बिजनेस के कर्मचारियों की पूरी सेलरी बहाल कर दी, बल्कि उन्हें वेरिएबल पे का भी भुगतान किया है। कंपनी का कहना है कि वेरिएबल पे का 30 फीसदी भविष्य में मिलने वाले पेआउट के एडवांस के तौर पर दिया जाएगा।
निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक ने 1 अक्टूबर से अपने कर्मचारियों की पूरी सैलरी बहाल कर दी। बैंक ने सालाना 25 लाख रुपए से अधिक वेतन पाने वाले अधिकारियों की सैलरी में कटौती की थी। स्टार, जी और वायकॉम18 जैसी टेलीविजन ब्रॉडकास्टर कंपनियों ने भी सैलरी में कटौती को खत्म कर दिया है। जी दिवाली से पहले बोनस का 50 फीसदी हिस्सा कर्मचारियों के खाते में क्रेडिट कर रही है। 
कोटक बैंक में सैलरी बहाली में लीडरशिप टीम के वॉलंटरी पे कट को शामिल नहीं किया गया है। साथ ही इसमें उदय कोटक को भी शामिल नहीं किया गया है। वह वित्त वर्ष 2020-2021 में सैलरी के तौर पर मात्र एक रुपये लेंगे। कोटक बैंक के प्रेजिडेंट और ग्रुप सीएचआरओ सुजीत पसरीचा ने कहा जब देश धीरे-धीरे अनलॉक हो रहा है, तो हमने सैलरी कट को खत्म करने का फैसला किया है। 
कोरोना की वजह से बुरी तरह प्रभावित होने वाले सेक्टरों में अभी कर्मचारियों की वेतन कटौती खत्म नहीं हुई है। इनमें होटल, ट्रैवल और इन्फ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की कुछ कंपनियां शामिल हैं। लेकिन ऐसा नहीं है कि मुश्किल दौर में सभी कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी में कटौती की थी। इनमें विजय सेल्स भी शामिल है। कंपनी ने इस दौरान किसी कर्मचारी की छंटनी भी नहीं की। यह कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और ड्यूरेबल्स रिटेलर कंपनी अब अपनी कर्मचारियों को बोनस दे रही है। विजय सेल्स के मैनेजिंग पार्टनर नीलेश गुप्ता ने कहा सप्लाई से जुड़ी कुछ बाधाओं को छोड़कर उपभोक्ता मांग कोविड को पहले के स्तर पर पहुंच गई है और इस दीपावली कंपनी के बिक्री में 5 से 7 फीसदी तेजी आने की उम्मीद है। अर्बन कंपनी (पहले अर्बनक्लैप) ने कहा कि सभी कर्मचारी परफॉरमेंस एप्रैजल के हकदार होंगे। कंपनी की डायरेक्टर (पीपल एक्सीलेंस) सना नय्यर ने कहा कि कई कारणों से हमें 2020 में अपना एप्रैजल रोकना पड़ा था, लेकिन अब हम इसे अप्रैल-मई 2021 के बजाय जनवरी 2021 से लागू कर रहे हैं।

Leave a Reply