हैदराबाद ने मुंबई को 149 पर रोका, संदीप शर्मा ने लिए 3 विकेट
शारजाह । आईपीएल 20 – 20 के अंतिम लीग मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 149 रन बनाए।
हैदराबाद ने टॉस जीतकर मुंबई को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मुंबई की शुरूआत धीमी रही। तीसरे ओवर में रोहित शर्मा 4 रन बनाकर संदीप शर्मा की गेंद पर डेविड वॉर्नर को कैच दे बैठे। क्विंटन डी कॉक और सूर्यकुमार यादव ने दूसरे विकेट के लिए 27 रन जोड़े। डिकॉक को संदीप शर्मा ने बोल्ड कर दिया। उन्होंने 13 गेंदों में दो चौके और दो छक्के की सहायता से 25 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों में पांच चौके की सहायता से 36 रन का योगदान दिया। शाहबाज नदीम की एक गेंद को आगे बढ़कर मारने के चक्कर में वे रिद्धिमान साहा द्वारा स्टंप कर दिए गए। कुणाल पंड्या 3 रन के स्कोर पर शाहबाज नदीम की गेंद पर केन विलियमसन द्वारा लपक लिए गए। सौरभ तिवारी भी ज्यादा नहीं चले। उन्हें 1 रन के स्कोर पर राशिद खान ने रिद्धिमान साहा के हाथों कैच कराया। इसके बाद ईशान किशन और पोलार्ड ने मिलकर रन गति तेज की। ईशान किशन को संदीप शर्मा ने बोल्ड कर दिया। उन्होंने 30 गेंदों में एक चौके और दो छक्के की सहायता से 33 रन बनाए। जेसन होल्डर ने नाथन कूल्टर नाइल का विकेट लिया। 1 रन के स्कोर पर उन्हें प्रियम गर्ग ने कैच कर लिया। मुंबई की तरफ से पोलार्ड ने 25 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्के की सहायता से 41 रन बनाकर स्कोर 149 तक पहुंचाने में सहायता की। पोलार्ड को जेसन होल्डर ने बोल्ड कर दिया।
हैदराबाद के लिए संदीप शर्मा ने तीन, जैसन होल्डर और शाहबाज नदीम ने 2 – 2 तथा राशिद खान ने 1 विकेट लिया।
