नगरीय प्रशासन मंत्री ने नगर निगम राजनांदगांव में विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 5 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की
राययुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास व श्रम विभाग मंत्री डॉ. शिव डहरिया तथा परिवहन, आवास, पर्यावरण, वन व जिले के प्रभारी मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने अमृत मिशन योजनांतर्गत 199.23 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित 17 एमलएलडी क्षमता के रानी जोतकुंवर बाई जल शोधन संयंत्र, 19.50 लाख लीटर क्षमता के नवागांव उच्च स्तरीय जलागार एवं 13.50 लाख लीटर क्षमता के कंचनबाग उच्च स्तरीय जलागार का लोकार्पण किया। जल संयंत्र गृह मोहारा में आयोजित इस कार्यक्रम में संसदीय सचिव श्री इंद्रशाह मंडावी, अध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण श्री दलेश्वर साहू, अध्यक्ष अनुसूचित जाति प्राधिकरण श्री भुनेश्वर बघेल, विधायक खुज्जी श्रीमती छन्नी साहू, महापौर श्रीमती हेमा देशमुख एवं जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर हमर मयारू राजनांदगांव अभियान का शुभारंभ किया गया। जिसमें शहर के विभिन्न स्थानों पर रंग-बिरंगे लाईट लगाकर छत्तीसगढ़ की विभिन्न कला संस्कृतियों को जोड़ा जाएगा और शहर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगरीय प्रशासन एवं विकास व श्रम विभाग मंत्री डॉ. शिव डहरिया ने नगर निगम राजनांदगांव मेंविकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 5 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वासियों ने जो सपना देखा था, उसी के अनुरूप शासन कार्य कर रही है। सभी मिलकर छत्तीसगढ़ को देश में सिरमौर बनाएंगे। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा हर वार्ड में पेयजल उपलब्ध हो इसके लिए कार्य किए जा रहे है। इस दिशा में आज लोकार्पित जल शोधन संयंत्र एवं जलागार जिले के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपना वादा निभाया है और जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए कार्य किया है। देश की सबसे अच्छी सरकार छत्तीसगढ़ की सरकार है। जहां गरीब, जरूरतमंद, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, महिला एवं सबके हित के लिए कार्य किए जा रहे हैं। सरकार द्वारा किसानों का कर्ज माफी किया गया, वहीं 2500 रूपए समर्थन मूल्य में धान की खरीदी की गई। उन्होंने कहा कि जनता और किसान में खुशी है और गरीबों एवं जरूरतमंद शासन की योजनाओं से लाभान्वित हुए है। देश व्यापी मंदी का असर छत्तीसगढ़ में नहीं पड़ा। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कम समय में नगर पालिका, नगर निगम एवं नगर पंचायत में अच्छा कार्य किया जा रहा है। पौनी पसारी योजना के तहत परंपरागत व्यवसाय के लिए जनसामान्य को स्थान उपलब्ध कराया गया है। जहां वे अपने उत्पाद विक्रय कर सकेंगे। मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय में लोग अपनी समस्याओं का सामाधान कर सकेंगे। वहीं टोल फ्री नंबर 1100 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हंै और 24 घंटे में इसका निराकरण किया जाता है। जिले में मोर आवास, मोर मकान के तहत 2500 मकान का निर्माण हो चुका है। मोर जमीन, मोर चिन्हारी के तहत 1345 आवास में कार्य हो रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में 47 करोड़ रूपए की लागत से विकास कार्य चल रहे हैं। महापौर एवं पार्षद निधि में शीघ्र ही राशि स्वीकृत की जाएगी। स्लम एरिया में रहने वाले गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत मोबाईल मेडिकल युनिट के माध्यम से स्लम एरिया में जाकर ईलाज एवं दवाईयां नि:शुल्क प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होगी।
परिवहन, आवास, पर्यावरण व जिले के प्रभारी मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस जल शोधन संयंत्र का लाभ जिले की जनता को मिलेगा। शासन ने अपना वचन निभाते हुए किसानों एवं जनसामान्य के हित में कई कार्य किए है। किसानों की कर्ज माफी की गई एवं 2500 रूपए समर्थन मूल्य में केन्द्र शासन से 1835 रूपए की सहमति मिलने पर अंतर की राशि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत चार किश्त में वादे के मुताबिक दी जा रही है। जिसका परिणाम यह रहा कि 18 हजार करोड़ रूपए की कर्ज माफी की गई है। प्रति किश्त में 15 हजार करोड़ रूपए की राशि राजीव गांधी न्याय योजना के तहत 18 लाख किसानों के खाते में राशि अंतरित की जा रही है। सभी लोगों के लिए राशन कार्ड बनाने की योजना प्रारंभ की गई है। किसानों के धान खरीदी के लिए 2048 केन्द्र बनाए गए है।
महापौर श्रीमती हेमा देशमुख ने कहा कि गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के स्वप्नदृष्टा मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ को टैंकर मुक्त करना है, इसके लिए हम प्रतिबद्ध है। इसके लिए जल शोधन संयंत्र का निर्माण किया गया है। जिसके माध्यम से शहरवासियों को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। कोरोना काल के इस विषम परिस्थितियों में भी संयंत्र का निर्माण कार्य नहीं रूका। इससे शहर के विभिन्न वार्डों में पेयजल की उपलब्धता होगी। जिससे शहर टैंकर मुक्त बन सकेगा। राजनांदगांव लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है और इसके लिए नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सतत कार्य किए जा रहे है। इस अवसर पर अध्यक्ष छत्तीसगढ़ अन्त्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम श्री धनेश पाटिला, नगर निगम के अध्यक्ष श्री हरिनारायण धकेता, सदस्य छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग श्री हफीज खान, अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास श्री विवेक वासनिक, श्री पद्म कोठारी, श्री कुलबीर छाबड़ा, श्री शाहिद खान, श्री थानेश्वर पाटिला, नगर निगम आयुक्त श्री चंद्रकांत कौशिक, कार्यपालन अभियंता श्री दीपक जोशी एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
