मैंने पापा के लिए फिल्म प्रोड्यूस की

मुंबई । बॉलीवुड में नेपोटिज्म को लेकर बिग बी के बेटे अभिषेक बच्चन ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। साल 2000 में 'रिफ्यूजी' से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले अभिषेक ने कहा कि उनके पापा ने कभी किसी से उनके (अभिषेक) लिए फोन नहीं किया और न ही किसी फिल्म को फाइनेंस किया है।अभिषेक बच्चन ने कहा कि नेपोटिज्म की बात हो रही है, लेकिन ये सच है कि आज तक पापा ने उनके लिए कभी किसी से बात नहीं की। 
एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा कि पापा ने मेरे लिए फिल्म नहीं बनाई बल्कि मैंने उनके लिए एक फिल्म को प्रोड्यूस किया, जिसका नाम 'पा' है। उन्होंने कहा कि लोगों को यह समझना होगा कि यह एक बिजनेस है। पहली फिल्म के बाद अगर उन्हें आपके अंदर कुछ नहीं दिखता है या फिर फिल्म अच्छा परफॉर्म नहीं करती है तो आपको काम नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि अपना टैलेंट दिखाने के लिए अच्छा परफॉर्म करना पड़ता है और यही जीवन की कड़वी सच्चाई है।अभिषेक ने अपने ड्रीम रोल के बारे में बताया कि एक्टर बनने से पहले शाहरुख ने एक बार उनसे कहा था कि फेवरिट रोल वही होना चाहिए, जो प्रेजेंट टाइम पर आप कर रहे हैं, क्योंकि अगर ऐसा नहीं है तो आपने इसे क्यों चुना। आपको बता दें कि अभिषेक बच्चन को अक्सर सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाता है। हाल ही में जब वह और अमिताभ बच्चन दोनों कोरोना से ग्रसित हो गए थे, तब भी सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स ने उन्हें ट्रोल किया था, जिस पर उन्होंने ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब देकर उनकी बोलती को बंद किया था।
 वर्कफ्रंट की बात की जाए तो वो अनुराग कश्यप की फिल्म 'लूडो' में नजर आएंगे। इसमें वह क्रिमिनल का रोल निभा रहे हैं। फिल्म में राजकुमार राव, रोहित सराफ, पंकज त्रिपाठी, सान्या मल्होत्रा जैसे सितारें नजर आएंगे। यह फिल्म 12 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। बता दें ‎कि  सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद से बॉलीवुड में नेपोटिज्म का मुद्दा पिछले काफी समय से चल रहा है। सुशांत के निधन के बाद से स्टार किड्स पर लोगों ने निशाना साधा। 
 

Leave a Reply