ऑस्ट्रेलिया दौरे पर स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का जाना संदिग्ध 

मुम्बई । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन में केकेआर की ओर से शानदार प्रदर्शन करने वाले रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना संदिग्ध नजर आ रहा है। वरुण को इससे पहले भारतीय टीम में भी शामिल किया गया था पर उनकी कंधे की चोट उभरने के कारण ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना मुश्किल नजर आ रहा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए वरुण को भारतीय टीम में जगह मिली थी। इस सत्र में उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी। 29 वर्षीय वरुण ने 6.84 के इकॉनमी रेट से रन खर्चे और 17 विकेट भी अपने नाम किए। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ वरुण ने 20 रन देकर पांच विकेट लिए थे, जो आईपीएल 2020 का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा भी है। आईपीएल 2020 में अच्छे प्रदर्शन के बल पर ही उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह मिली। वरुण के कंधे में लेब्रम टियर है, जिससे उन्हें गेंद फेंकने में परेशानी हो सकती है। एक रिपोर्ट के अनुसार वरुण को यह चोट पहले से थी, पर आईपीएल के दौरान यह बढ़ गई। वहीं भारतीय टीम के फीजियो नितिन पटेल ने चयनकर्ताओं को टी20 टीम चुनने से पहले जो रिपोर्ट सौंपी थी, उसमें वरुण को फिट घोषित किया गया था। वरुण को लेकर अब चयनकर्ताओं को आखिरी फैसला लेना होगा। 
 

Leave a Reply