गुंडे-बदमाशों के घरों व ठिकानों को ध्वस्त करने की मुहिम फिर हुई शुरू
इन्दौर । विगत 8 नवम्बर से जेल की हवा खा रहे कम्प्यूटर बाबा के करीबी गुर्गे रमेश तोमर के 6 मकानों सहित कुछ कथित सम्पत्तियों के अवैध, अनाधिकृत व स्वीकृति से भिन्न निर्माण मंगलवार को जिला व पुलिस प्रशासन ने नगर निगम के साथ मिलकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिये है। इसके साथ ही शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के सूचीबद्ध बदमाशों के दो दर्जन से अधिक अनाधिकृत निर्माण चिन्हत कर लिये गए है। गुण्डा अभियान के पहले चरण में इनको ध्वस्त किया जायेगा। ख़बर यह भी है कि इस अभियान के दौरान कुख्यात गुंडे शेख मुख्तियार के ठिकानों के अलावा साजिद चंदनवाला और भोपाल के प्यारे मियां के इन्दौर स्थित आशियाने पर भी बुल्डोजर चलाया जा सकता है।
म.प्र. में राज्य मंत्री का दर्जा रहते 'अवैध रेत खनन' के मामले में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को घेरने वाले कम्प्यूटर बाबा की मुश्किल कम होने का नाम नहीं ले रही है। कम्प्यूटर बाबा का कथित 'क्रिमिनल कनेक्शन' भी उजागर किया गया है। जेल में बंद कम्प्यूटर बाबा के करीबी गुर्गे रमेश तोमर की इदरीस नगर स्थित सम्पत्तियों के अवैध/अनाधिकृत निर्माण को पुलिस-प्रशासन द्वारा निगम के सहयोग से मंगलवार को ध्वस्त किया गया। तोमर पर चाकूबाजी, लूटपाट सहित 19 मामले दर्ज हैं। बाबा के आश्रम पर कार्रवाई के प्रशासन की नज़र एक लग्जरी कार पर भी पड़ी थी, जिसमें बाबा घूमा करते थे। यह कार रमेश तोमर के नाम पर ही पंजीबद्ध थी और बाबा ने विधानसभा उपचुनाव के दौरान भाजपा के खिलाफ 'लोकतंत्र बचाओ यात्रा' निकाली थी, जिसमें इसी कार्य का उपयोग किया था। बताते है कि तोमर के विरुद्ध संयोगितागंज थाने पर मारपीट, गाली गलौज, बलवा करना, जान से मारने की धमकी देना, तोड़-फोड़ करना, बिजली चोरी, शासकीय कर्मचारी पर हमला, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करना, अवैध कब्जा करना, अवैध शराब रखने के मामले दर्ज हैं।
निगम उपायुक्त लता अग्रवाल के अनुसार निगम ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर मूसाखेड़ी के पास इदरीश नगर में बड़ी कार्यवाही की है, यहां कम्प्यूटर बाबा से जुड़े रमेश तोमर के 6 अवैध/अनाधिकृत मकानों को 2 घंटे की कार्यवाई के बाद ध्वस्त कर दिया गया। यहां पर पांच मकान अवैध रूप से बनाए गए थे, जबकि एक मकान निर्माणाधीन था। इसके अलावा एक गार्डन पर बने शेड आदि को भी तोड़ा गया है। यहां लगे हुए तीन मोबाइल टावरों को भी हटाने की कार्यवाई की गई है। उन्होंने बताया कि इस पूरी कार्रवाई में चार पोकलेन और चार जेसीबी को लगाया गया था। रिमुव्हल कार्यवाही के दौरान किसी प्रकार का विरोध देखने नहीं मिला। हालांकि तोमर को निगम ने विधिवत अवैध निर्माण हटाने का नोटिस भी जारी किया था।
डीआईजी हरिनारायणाचारी मिश्र के अनुसार शहर में लूट, चाकूबाजी और नशे का कारोबार करने वाले गुंडों बदमाशों के खिलाफ मुहिम जारी रहेगी। कम्प्यूटर बाबा के करीबी हिस्ट्रीशीटर बदमाश रमेश तोमर और उसके पुत्र के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारियां जुटाने के बाद पहले उनके मकानों को तोड़ा गया है। डीआईजी के अनुसार बदमाश रमेश पर 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस द्वारा जो गुंडे-बदमाश लगातार अपराध कर रहे हैं, उन्हें सूचीबद्ध कर नगर निगम से इनकी वैध-अवैध संपत्तियों की जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पहली बार जब इस तरह की कार्रवाई शुरू की गई थी, तो करीब 100 से अधिक बदमाशों के मकान तोड़े गए थे।
