कप्तान पेन सहित कई खिलाड़ी एनएसडब्ल्यू भेजे गये

सिडनी । कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने टेस्ट टीम के कप्तान टिम पेन सहित कई खिलाड़ियों को विमान के जरिये न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) भेज दिया है। इन खिलाड़ियों में युवा बल्लेबाज मार्नुस लाबुशेन, मैथ्यू वेड, ट्रेविस हेड और कैमरन ग्रीन  भी शामिल है। वहीं इससे पहले वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया, क्वींसलैंड और तस्मानिया ने संक्रमण को रोकने के लिए दक्षिण ऑस्ट्रेलिया से लगी अपनी सीमाओं को बंद कर दिया। इसके बाद सीए ने ऑस्ट्रेलिया की सीमित ओवरों और टेस्ट मैच की टीम के अलावा ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाड़ियों को भी सिडनी (एनएसडब्ल्यू) भेज दिया। वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार सीए के अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी निक हॉकले ने कहा, ‘‘ सीए ने सक्रिय पहल करते हुए पिछले 24 घंटों के अंदर देश भर से इस खेल से जुड़े कई खिलाड़ियों को यहां पहुंचाया है जिससे कोरोना के कारण कोई बाधा न आये।’’ उन्होंने कहा,‘‘ मैं खिलाड़ियों और कर्मचारियों को उनकी यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव को देखते हुए सहयोग देने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं जिससे आगामी गर्मियों के (सत्र) में खेल के सफल आयोजन की राह बने। ’’ पेन और लाबुशेन के अलावा मैथ्यू वेड, ट्रेविस हेड और कैमरन ग्रीन भी उन खिलाड़ियों में शामिल है जिन्हें एनएसडब्ल्यू स्थानांतरित किया गया है। वहीं सीए ने कहा कि भारत के खिलाफ 17 दिसंबर से शुरू होने वाला टेस्ट श्रृंखला का पहला मैच एडीलेड में ही खेला जाएगा। सीए ने कहा कि आगामी श्रृंखलाओं के सुरक्षित आयोजन के लिए सभी संभव उपायों को देखा जाएगा। 

Leave a Reply