बिजली की गलत बिलिंग की शिकायतों से ऊर्जा मंत्री नाराज, स्मार्ट मीटर उपभोक्ता से घर-घर जाकर फीडबैक के आदेश

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री श्रीकांत शर्मा (Minister Shrikant Sharma) ने ऊर्जा विभाग (Energy Department) की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया है कि एक माह में हर एक स्मार्ट मीटर उपभोक्ता (Smart Meter Consumer) से व्यक्तिगत संपर्क करें. इस दौरान उनकी समस्याओं के निस्तारण करें और उनका फीडबैक हासिल करें. ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पावर कार्पोरेशन के साथ ही वितरण कंपनियों के सभी प्रबंध निदेशक अपने स्तर से इसकी नियमित समीक्षा भी करें.

बिलिंग एजेंसी के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई भी हो

श्रीकांत शर्मा ने ये निर्देश स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं द्वारा बिल जमा करने मे कठिनाई, अधिक बिल आने व समय से बिल न मिल पाने की शिकायतों को संज्ञान मे लेते हुए दिए. उन्होंने कहा कि उपभोक्ता की संतुष्टि ही सरकार की संतुष्टि है. उन्होंने बिलिंग की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ऐसी सभी शिकायतों पर अविलंब कार्रवाई की जाए. गलत बिलिंग स्वीकार्य नहीं है. ऐसे मामलों में खामी मिलने पर संबंधित बिलिंग एजेंसी के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई भी हो.

डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक, निदेशक व अन्य अभियंता भी फीडरों की पेट्रोलिंग करें

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बिजली उपकेन्द्र के स्टाफ के साथ डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक, निदेशक व अन्य अभियंता भी फीडरों की पेट्रोलिंग करें. इस दौरान वे स्थानीय स्तर पर उपभोक्ताओं से संवाद भी करें. उनकी समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण सुनिश्चित कराएं. उन्हें सस्ती और निर्बाध बिजली के लिए नियमित बिल भुगतान के लिए प्रेरित करें.
 

Leave a Reply