दादरी की सभी खापों और सामाजिक संगठनों ने किया ‘भारत बंद’ का समर्थन

चरखी दादरी । नए कृषि कानूनों को लेकर आंदोलित पंजाब के किसानों के मंगलवार को आहुत भारत बंद को लेकर पंचायत खापों के साथ-साथ सामाजिक संगठन मैदान में आ गए हैं। फोगाट खाप द्वारा आयोजित सर्वखाप सर्वजातीय बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए भारत बंद को सफल बनाने का आह्वान किया। साथ ही गांव से लेकर बाजारों को बंद करवाने के लिए जिम्मेदारियां लगाई। इसके अलावा गांवों में सरपंचों व शहरों में नगर पार्षदों के अलावा सामाजिक संगठनों के माध्यम से बंद को लेकर मुनादी करवाई जाएगी। बंद को सफल बनाने के बाद दिल्ली कूच करने का निर्णय लिया गया। चरखी दादरी के स्वामी दयाल धाम पर फोगाट खाप द्वारा जिलेभर के खाप, सामाजिक संगठनों की मीटिंग का आयोजन किया गया। मीटिंग में फोगाट खाप के अलावा सांगवान, श्योराण, हवेली, चिडिय़ा, सतगामा खापों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ अनाजमंडी एसोसिएशन, सब्जी मंडी एसोसिएशन, जिला बार, व्यापार मंडल सहित कई संगठनों के पदाधिकारी पहुंचे।
फोगाट खाप प्रधान बलवंत नंबरदार की अध्यक्षता में सर्वसम्मति से किसानों के समर्थन में भारत बंद को सफल बनाने का निर्णय लिया। इसके लिए सभी खापों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां लगाई गई। फोगाट खाप प्रधान बलवंत नंबरदार ने बताया कि मीटिंग में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए किसानों के समर्थन में भारत बंद में सहयोग करेंगे। आज ही गांवों में सरपंचों व शहर में नगर पार्षदों के अलावा सामाजिक संगठनों द्वार मुनादी करवाई जाएगी। भारत बंद के दौरान जिलेभर के लोग शहर में एकजुट होंगे और किसानों के समर्थन में सभा करेंगे।
