किसानों का भारत बंद आज, ओडिशा व महाराष्ट्र में रोकी गईं ट्रेनें

केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में हजारों किसान पिछले 12 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने कानून के खिलाफ आज यानी मंगलवार (8 दिसंबर) को एक दिन के लिए 'भारत बंद' का ऐलान किया है। पूरे देश में आज सुबह 11 बजे से लेकर शाम 3 बजे तक 'भारत बंद' बुलाया गया है। हालांकि, इसका असर अभी से ही देश के अलग-अलग हिस्सों में दिखने लगा है। किसानों के इस भारत बंद को कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, सपा समेत देश की 18 राजनीतिक पार्टियों ने भी अपना समर्थन दिया है। भारत बंद के दौरान परिवहन सेवा से लेकर फल-सब्जी की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। केंद्र सरकार और किसानों के प्रतिनिधियों के बीच पांच दौर की वार्ता हो चुकी है, मगर अब तक कोई हल नहीं निकल सका है। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मांगी गईं, तो वे अपना विरोध प्रदर्शन तेज करेंगे और राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने वाले मार्गों को बंद कर देंगे। सरकार और प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों के बीच अब तक की वार्ता विफल रही है और इसकी छठे दौर की वार्ता बुधवार (9 दिसंबर) को होनी है। 
सिंघु बॉर्डर (हरियाणा-दिल्ली सीमा) पर सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है। सीमा पर किसानों के विरोध प्रदर्शन का आज 13वां दिन है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जानकारी दी है कि टिकरी, झारोदा बॉर्डर, धनसा बंद रहेंगे। वहीं बदुसराय सीमा केवल हल्के मोटर वाहनों जैसे कारों और दोपहिया वाहनों के लिए खुली है। इसके अलावा झटीकरा सीमा केवल दोपहिया यातायात के लिए खुली है। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि हरियाणा के लिए दौराला, कपासेरा, राजोखरी NH 8, बिजवासन / बजघेरा, पालम विहार और डूंडाहेड़ा सीमाएं खुली हैं।
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि हमारा प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगा। अगर कोई हमारे इस भारत बंद में दो-तीन घंटों के लिए फंस जाता है तो हम उन्हें पानी और फल देंगे। हमारा अलग ही कॉन्सेप्ट है।
आंध्र प्रदेश: किसानों के भारत बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे लेफ्ट पार्टियों के सदस्य।
ओडिशा में अभी से ही भारत बंद का असर दिखने लगा है। लेफ्ट पार्टियां, ट्रेड यूनियन और किसान यूनियनों ने भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनें रोकीं। बता दें कि आज किसानों ने भारत बंद बुलाया है।
उस्मानिया विश्वविद्यालय ने आज होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कीं। नौ दिसंबर को होने वालीं परीक्षाएं निर्धारित समय से ही होंगी।महाराष्ट्र: स्वाभिमानी शेतकारी संघटना ने 'भारत बंद रेल रोको' के विरोध प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए बुलढाणा के मलकापुर में आज एक ट्रेन को रोक दिया। बाद में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने पटरियों से हटा दिया और हिरासत में ले लिया। बता दें कि आज किसानों ने भारत बंद बुलाया है।

आज भारत बंद की सभी खास बातें

भारत बंद सुबह 11 बजे से तीन बजे तक चलेगा। इस दौरान सभी बाजार, दुकानें, सेवाएं और संस्थान बंद रहेंगे।
आज किसान दूध, सब्जी-फल आदि कोई उत्पाद बाजार लेकर नहीं जाएंगे।
किसानों ने कहा है कि वे अपने भारत बंद से किसी को मुसीबत में नहीं डालना चाहते हैं। इसलिए सभी अनिवार्य सेवाओं मसलन अस्पताल, एंबुलेंस को भारत बंद से मुक्त रखा जाएगा।
किसानों ने कहा है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से भारत बंद कर रहे हैं और इस दौरान कोई हिंसा नहीं होगी और न ही मंच पर राजनीतिक दलों को आने देंगे।
दिल्ली और यूपी पुलिस ने साफ किया है कि लोगों की आवाजाही रोकने और जबरन दुकानें बंद करवाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
 किसी शादी समारोह में आवाजाही पर रोक नहीं। 

Leave a Reply