40 गाड़ियों के काफिले के साथ CM हाउस पहुंचे सिंधिया,

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल पहुंच गए हैं। वे एयर पोर्ट से करीब 40 गाड़ियों के काफिले के साथ सीधे CM हाउस पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक होगी। सिंधिया के साथ उनके समर्थक कई मंत्री भी सीएम हाउस पहुंचे हैं। सिंधिया 12 दिन में दूसरी बार मुख्यमंत्री के साथ बैठक करेंगे।

सूत्रों ने बताया कि शिवराज और सिंधिया दोपहर 2 बजे भोपाल से शाजापुर जाएंगे। इससे पहले दोनों नेताओं की करीब एक घंटे की बैठक भी है। माना जा रहा है कि बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी, मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-मंडलों में नियुक्ति को लेकर बातचीत हो सकती है। उपचुनाव के एक माह बाद भी मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो पाया है। दो पूर्व मंत्री तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को शिवराज कैबिनेट में शामिल होने का इंतजार करना पड़ रहा है।

सीएम हाउस के सूत्रों ने बताया कि शाजापुर में वे नगरपालिका के विकास कार्यों का भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5 बजे इंदौर जाएंगे। जहां हाटपिपल्या विधायक मनोज चोधरी की बेटी के विवाद समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 6 बजे भोपाल लौट आएंगे, जबकि सिंधिया दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

Leave a Reply