यस बैंक अगले दो साल में क्रेडिट कार्ड ग्राहकों की संख्या दोगुना करेगी

नई दिल्ली । निजी क्षेत्र का यस बैंक अपने क्रेडिट कार्ड कारोबार को एक प्रमुख ब्रांड की तरह तैयार करना चाहता है और उसका लक्ष्य इस खंड में अपने ग्राहकों की संख्या को अगले दो वर्षो में दोगुना करने का है। इसके साथ ही बैंक अगले दो वर्षों के दौरान इस कारोबार के आकार को चार गुना बढ़ाना चाहता है। यह बात क्रेडिट कार्ड कारोबार के प्रमुख रजनीश प्रभु ने कही। प्रभु ने बताया ‎कि क्रेडिट कार्ड से होने वाला कुछ व्यय कोविड से पहले के स्तर पर आ गया है। कुछ बैंकों ने 80-90 प्रतिशत का आंकड़ा दिया है, कुछ के लिए यह 90 प्रतिशत है, मेरा विश्वास है कि ज्यादातर सामान्य स्तर तक आ गए हैं। कुछ क्षेत्र अभी भी धीमे हैं, जहां सुधार 25-30 प्रतिशत हुआ है। उन्होंने कहा कि खानपान की जगह और होटलों में यह सुधार अभी भी धीमा है, लेकिन जब आप किराने की दुकान, सुपर मार्केट या उपयोगिता भुगतान और इलेक्ट्रॉनिक स्टोरों को देखते हैं, तो वहां बहुत अधिक सुधार दिखाई देता है। कुल मिलाकर उद्योग अपने पैरों पर वापस खड़ा हो रहा है और ई-कॉमर्स ने अच्छी छलांग लगाई है। भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार सितंबर 2020 के अंत में यस बैंक का क्रेडिट कार्ड बकायों की संख्या 8,16,208 थी जिनका लेनदेन मूल्य 490.76 करोड़ रुपए था।

Leave a Reply