अश्विन की फिरकी के आगे कंगारु नतमस्तक, पहली पारी में भारत को 53 रन की बढ़त

एडिलेड । भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पलटवार करते हुए पहले मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। भारतीय टीम ने एडिलेड में खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन मेजबान टीम को 191 रन पर समेट दिया। ऑस्ट्रेलिया को सस्ते में समटने में रविचंद्रन अश्विन की सबसे अहम भूमिका रही। अश्विन ने कंगारुओं के 4 विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया को सस्ते में समेटकर भारत ने पहली पारी में 53 रन की बढ़त ले ली है। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 244 रन बनाए हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट मैच गुरुवार से खेला जा रहा है। भारत ने पहले दिन 6 विकेट पर 233 रन बनाए थे। दूसरे दिन उसकी पारी 244 रन पर सिमट गई। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने बैटिंग शुरू की। उसकी ओर से कप्तान टिम पैन (73 नाबाद) और मार्नस लैबुशेन (47) के अलावा कोई भी बल्लेबाज विकेट पर नहीं टिक सका। भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने सबसे अधिक चार विकेट झटके। इसके बाद उमेश यादव ने तीन और जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की कमर तोड़ दी।
भारतीय टीम जब दूसरे दिन 244 रन पर आउट हो गई, लगा कि स्कोर में करीब 50 रन कम रह गए हैं। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अपने दमदार प्रदर्शन से टीम को 53 रन की लीड दिला दी। भारत ने एक समय ऑस्ट्रेलिया के 7 विकेट 111 रन पर झटक लिए थे। लेकिन मेजबान कप्तान टिम पैन ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर अपनी टीम को 191 रन तक पहुंचा दिया। वे अंत तक आउट नहीं हुए।
भारतीय टीम के लिए सबसे खास प्रदर्शन ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का रहा। डे-नाइट मैच यानी पिंक बॉल टेस्ट मैच में आमतौर पर तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहता है। लेकिन भारत की ओर से किसी तेज गेंदबाज नहीं, बल्कि ऑफ स्पिनर अश्विन ने सबसे ज्यादा विकेट झटके। उन्होंने स्टीव स्मिथ को स्लिप पर रहाणे के हाथों कैच करवाया।फिर ट्रेविस हेड को खुद ही लपक लिया। अश्विन के तीसरे शिकार डेब्यू मैच खेल रहे कैमरून ग्रीन बने, जिन्हें कोहली ने लपका। अश्विन की ही गेंद पर नाथन लॉयन को कोहली ने लपका।
वहीं उमेश यादव भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए, उन्होंने तीन विकेट झटके। उमेश ने मार्नस लैबुशेन और पैट कमिंस को एक ही ओवर में चलता किया। उनके तीसरे शिकार जोश हेजलवुड बने, जिनके आउट होते ही ऑस्ट्रेलिया की पारी सिमट गई। बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया के दोनों ओपनरों जो बर्न्स और मैथ्यू वेड को आउट किया. मिचेल स्टार्क रन आउट हुए।
