कड़ाके की ठंड की चपेट में उत्तर भारत

नई दिल्ली । उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश, हरियाणा, जम्मू एवं कश्मीर और हिमाचल प्रदेश सहित समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। शुक्रवार को भी शीतलहर एवं गलन ने लोगों को खूब सताया। हिमाचल प्रदेश का केलांग -10 डिग्री, राजस्थान का माउंट आबू -2.5 डिग्री और यूपी का फुर्सतगंज तीन डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे सर्द रहा। पिछले 24 घंटे में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में कहीं हल्की तो कहीं कड़ाके की ठंड देखी। मौसम विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी बयान के मुताबिक, प्रदेश में अधिकतम तापमान झांसी में 23.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया, जबकि सबसे कम पारा रायबरेली के फुर्सतगंज में 3 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार सुबह प्रदेश में कई स्थानों पर कहीं हल्का और कहीं घना कोहरा छाने के आसार हैं। भीषण ठंड से जूझ रहे पंजाब के हलवारा तथा अमृतसर में पारा 0.4 चार डिग्री दर्ज किया गया। पंजाब में पठानकोट में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री, पटियाला 4 डिग्री, आदमपुर 1 डिग्री, फरीदकोट एक डिग्री, गुरदासपुर छह डिग्री, भिवानी चार डिग्री और सिरसा में पांच डिग्री रहा। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर शनिवार को घना कोहरा पड़ने का अनुमान है। 
असम, मेघालय, ओडिशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर, अरुणाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल से अलग स्थानों पर शुक्रवार को रात्रि तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ स्थानों पर, मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। बिहार और उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर, गुजरात के अलग अलग हिस्सों में तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
 

Leave a Reply