मेलबोर्न में आयोजित किया जा सकता है सिडनी टेस्ट 

सिडनी। सिडनी में कोरोनो वायरस संक्रमण के मामले बढ़ने से यहां भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच को मेलबोर्न में ही स्थानांतरित किया जा सकता है। तीसरा टेस्ट तय कार्यक्रम के अनुसार 7 जनवरी से सिडनी क्रिकेट मैदान में होना है पर यहां के तटीय क्षेत्रों में कोरोना वायरस के नए मामले मिलने के बाद यहां 23 दिसंबर तक लॉकडाउन लगा दिया गया है। ऐसे में सीए मेलबर्न में ही 26 दिसंबर से दूसरे टेस्ट के बाद  जनवरी में तीसरे टेस्ट मैच को आयोजित कर सकता है। इस बारे में भारतीय टीम को भी जानकारी दे दी गयी है। इसके साथ ही बीसीसीआई को भी सिडनी के हालातों के बारे में बता दिया गया है। सिडनी में कोविड-19 के 30 नए मामले सामने आने के बाद हाल ही में कुछ कमेंटेटर और अन्य स्टाफ को भी घर वापस भेजना पड़ा है। 
सिडनी में तीसरा टेस्ट 7 जनवरी से 11 जनवरी के बीच खेला जाना है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) को पहले सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) में मेजबानी की उम्मीद थी। सीए ने हालात में बदलाव की उम्मीद करते हुए कहा था कि तीसरा टेस्ट यहीं खेला जाएगा रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में चीजें 'काफी बदल गई हैं। सीए का मानना है कि सिडनी में नए साल के अवसर पर टेस्ट की मेजबानी करना सुरक्षित नहीं रहेगा।
इसके साथ ही सीए को लगता है कि इन हालातों में मेलबर्न एक सुरक्षित विकल्प है क्योंकि खिलाड़ियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सबसे पहले है। वे बीसीसीआई के साथ नियमित संपर्क में हैं और जल्द ही कार्यक्रम स्थल को अंतिम रूप दिया जाना चाहिए।
 

Leave a Reply