बीएचयू की सेट्रल लाइब्रेरी के 7 एसी के कंप्रेसर हुए चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

वाराणसी । काशी हिंदू विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, ‎यहां से मंगलवार को 7 एसी के कंप्रेसर और तांबे की पाइप चोरी हो गए हैं। हालां‎कि, बीएचयू में करोड़ों रुपए सुरक्षा व्यवस्था में खर्च होते हैं। पूरी बीएचयू की इमारत सीसीटीवी कैमरों से घिरी हुई है और वहां हमेशा सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं। बावजूद इसके, इतनी बड़ी घटना को अंजाम ‎दिया गया। जानकारी के मुता‎बिक, सेंट्रल लाइब्रेरी की छत पर लगे सोलर प्लांट में आई गड़बड़ी को ठीक करने टेक्नीशियन संग स्टाफ छत पर चढ़े। तभी इस वारदात की जानकारी हुई। क्यों‎कि वहां से 7 एसी के कंप्रेसर गायब हैं। यही नहीं, एसी की तांबे की पाइप भी नदारद है। कर्मचारियों ने सूचना सेंट्रल लाइब्रेरी के लाइब्रेरियन को दी। लाइब्रेरियन ने चीफ प्रॉक्टर डॉ ओपी राय को इसे अवगत कराया, जिसके बाद प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम ने मौका मुआयना करते हुए अपनी रिपोर्ट चीफ प्रॉक्टर को दी। बताया गया ‎कि सेंट्रल लाइब्रेरी में चोरी की ये दूसरी घटना है। करीब छह साल पहले भी एससी के तांबे के तार चोरी हो गए थे। उस वक्त एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी थी। सेंट्रल लाइब्रेरी और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के बीच एफआईआर लिखाए जाने की पहल को लेकर खींचतान देखने को मिली थी। इस बार इतनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कंप्रेसर चोरी हो जाना बीएचयू कैंपस में चर्चा का विषय बना हुआ है, चूंकि कोरोना काल में गर्मियों में भी इस बार एसी नहीं चलाए गए और विश्वविद्यालय बंद रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि इसका फायदा उठाते हुए चोरों ने चोरी की वारदता को अंजाम ‎दिया। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply