पानी चोरी का आरोप लगाकर जीप से कुचलकर की किसान की हत्या

हनुमानगढ़। जिले में सिंचाई पानी की चोरी का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने एक किसान की जीप से कुचल कर हत्या कर दी। आरोपियों ने किसान को जीप से काफी दूर तक घसीटा। किसान की चीख सुनकर लोग एकत्र हुये तो आरोपी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गये। बाद में पीड़ित ने दम तोड़ दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस के अनुसार, घटना जिले के भिरानी थाना क्षेत्र के जोगीवाला गांव की रोही में बुधवार देर रात हुई। किसान बंसी रात को अपने खेत में पानी लगा रहे थे, तभी जीप में सवार होकर कुछ लोग आए और बंसी पर डोबी माईनर नहर से पानी चोरी करने का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने बंसी की लाठी-डंडों से पिटाई की और फिर उस पर जीप चढ़ा दी। आरोपी यहीं नहीं रुके और वे घायल बंसी को करीब 70 फिट तक जीप से घसीटते रहे। उसके बाद उसकी चीखें सुनकर आसपास के किसान भागकर आये तो आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल बंसी ने अस्पताल ले जाए जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। इस संबंध में भिरानी थाने में सुरेंद्र, नरेंद्र और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। भिरानी पुलिस ने मृतक के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के लिए सीएमएचओ को लिखा है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। उल्लेखनीय है कि भादरा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सिंचाई का पानी चोरी होता है। इसको लेकर कई बार किसानों में विवाद होता है, जबकि पानी चोरी को लेकर पुलिस, प्रशासन और सिंचाई विभाग की गश्त सिर्फ खानापूर्ति बनकर रह जाती है।
