तेज हुआ विरोध, हरियाणा के कई टोल प्लाजा पर किसानों का कब्जा

गुरुग्राम. नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों का आंदोलन (Kisaan Andolan) एक बार फिर गर्माता दिखाई दिया. इसके चलते शुक्रवार को हरियाणा में कई हाईवे ऐसे रहे जहां पर टोल टैक्स वसूली बंद कर दी गई. जानकारी के अनुसार राज्य के कई टोल प्लाजाओं पर वसूली गुरुवार आधी रात से ही बंद कर दी गई थी. वहीं ऐसे भी कई टोल रहे जहां पर किसानों ने कब्जा कर लिया है और कर्मचारियों को टोल टैक्स लेने से रोक दिया गया. माहौल को देखते हुए टोल कर्मचारियों ने खुद ही टैक्स वसूलना बंद कर दिया है और वाहनों को बिना टोल दिए जाने दिया जा रहा है.
गौरतलब है कि भारतीय किसान यूनियन ने कुछ दिनों पहले ही घोषणा की थी हरियाणा में 25 से 27 दिसंबर तक टोल वसूली नहीं करने दी जाएगी. जिसके बाद किसानों ने पहले करनाल के बस्तारा में एनएच 22 पर टोल नाके पर कब्जा कर वसूली बंद करवा दी और इसके बाद करनाल-जींद, सिरसा के डबवाली, रोहतक-पानीपत मार्ग पर बने टोल प्लाजाओं पर भी वसूली बंद कर दी गई है. हालांकि गुरुग्राम के खेड़की टोल प्लाजा पर शुक्रवार को भी वसूली जारी रही.
जयपुर- दिल्ली का संपर्क कटा
वहीं राजस्थान से आंदोलन में शामिल होने दिल्ली जा रहे किसानों को शुक्रवार को फिर हरियाणा पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर अलवर जिले में शाहजहांपुर बॉर्डर पर रोक दिया. इससे गुस्साये किसानों ने दिल्ली से जयपुर आने वाली लेन को जाम कर दिया. इससे दिल्ली का जयपुर से संपर्क कट गया है. जयपुर से दिल्ली जाने वाली लेन को किसानों ने पहले से ही रोक रखा है. जाम लगने के बाद पुलिस ने यातायात को बहरोड़ और पावटा से डायवर्ट किया है.आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए किसान शुक्रवार को पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार शाहजहांपुर बॉर्डर पर एकत्र हुए थे. किसानों का दोपहर में 1 बजे दिल्ली कूच का कार्यक्रम था, लेकिन हरियाणा पुलिस ने उनको रोक दिया. इससे एक बारगी किसानों और हरियाणा पुलिस के बीच टकराव की स्थिति आ गई थी. बाद में नाराज किसानों ने इस राजमार्ग की दूसरी लेन को भी रोक दिया. वहां हरियाणा पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त कर रखे हैं. वहीं राजस्थान पुलिस भी अलर्ट मोड पर है.
