राजस्थान में कड़ाके में सर्दी का दौर जारी, चूरू में 3.7 डिग्री तक पहुंचा तापमान

जयपुर । राजस्थान में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसी तरह की मौसम की स्थिति रहने की संभावना है। सुबह और शाम धुंध की वजह से लोगों को आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामने करना पड़ रहा है। कोहरे की वजह से प्रदेश में सड़क हादसों में भी इजाफा हुआ है। माउंट आबू में पिछले पांच दिन से तापमान लगातार माइनस में है। वहीं, चुरु में शुक्रवार को 3.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि अन्य स्थानों पर तापमान में मामूली वृद्धि देखी गई। मौसम विभाग के अनुसार, पिलानी में पारा 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा गंगानगर, सीकर, अलवर, जयपुर, जैसलमेर और बीकानेर में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस, 7 डिग्री सेल्सियस, 7.6 डिग्री सेल्सियस, 9.3 डिग्री सेल्सियस, 11.5 डिग्री सेल्सियस और 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के चूरू, झुंझुनूं, सीकर, हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर जिलों में ठंड का कहर अभी कुछ दिन और बने रहने की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में शीतलहर के साथ पाला पड़ने की चेतावनी भी दी गई है। बता दें कि, जैसलमेर, जोधपुर व बाड़मेर में न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया। जयपुर का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया है। तेज ठंड के कारण दलहन सहित अन्य रबि की फसलों को पाला पड़ने से नुकसान की आशंका जताई जा रही है। भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री, चूरू में 4.7, उदयपुर में 4.8, चित्तौड़गढ़ में 5 व पाली में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
