पटना में अब नहीं लगेगा जाम! जल्द ही तैयार होगा लोहिया पथ चक्र

पटना। बिहार की राजधानी पटना में रहने वालों को अब जल्दी ही ट्रैफिक जाम से निजात मिल सकेगी। यह संभव होगा बेली रोड पर बन रहे लोहिया पथ चक्र का निर्माण पूरा होने के बाद। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोहिया पथ चक्र का निरीक्षण कर कहा कि इस तरह का कॉन्सेप्ट देश में पहली बार बिहार में इस्तेमाल हुआ है। उन्होंने इस बात पर खुशी जाहिर की कि जब पूरा लोहिया पथ चक्र बनकर तैयार हो जाएगा तो देश के अन्य राज्यों के भी लोग यहां इसे देखने आएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इससे कुल 49 रास्ते शहर के अलग-अलग जगहों पर जाएंगे। लोहिया पथ चक्र बन जाने के बाद ट्रैफिक सुगम हो जाएगा और लोगों को आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्ते चुनने की आजादी होगी। लोहिया पथ चक्र के 49 एंट्री और एक्जिट प्वाइंट है। पुनाईचक से राजधानी वाटिका की ओर नीचे से आने-जाने की व्यवस्था रहेगी। इसी प्रकार हड़ताली मोड़ पर बोरिंग कैनाल रोड से दरोगा प्रसाद राय पथ तक आने-जाने की व्यवस्था सड़क के नीचे से रहेगी और मुख्य सड़क पर ऊपर से भी आवागमन जारी रहेगा। सीएम नीतीश ने कहा कि ललित भवन के पास जो पुल बनाया गया है, उसके नीचे पानी निकल आने के कारण निर्माण में देर हुई। लेकिन फिलहाल ललित भवन के पास का जो पार्ट है उसे जून के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। अगले साल दिसंबर तक पूरे लोहिया पथ चक्र निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। सीएम ने लोहिया पथ चक्र के साथ-साथ इनकम टैक्स चौराह, कोतवाली और करबिगहिया पुल और स्टेशन के पास बन रहे पुलों का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोतवाली थाना चौक पर एलिवेटेड यू-टर्न बनाने का निर्देश भी दिया, ताकि जाम की समस्या से लोगों को छुटकारा मिल सके। उसके बाद मुख्यमंत्री ने करबिगहिया फ्लाईओवर परियोजना का भी निरीक्षण किया जो करबिगहिया चौक से चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर के ऊपर से कंकड़बाग फ्लाईओवर में जाकर मिलेगी। इसे पूरा करने का लक्ष्य जून 2022 तक है। 

Leave a Reply