किसान आंदोलन के समर्थन में दिल्ली कूच से पहले वाघेला हाउस अरेस्ट

गांधीनगर | कृषि कानून के विरोध में पिछले एक महीने से चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला अपने समर्थकों के साथ दिल्ली कूच करें इससे पहले पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया| वाघेला के गांधीनगर के वसंत वगडो में आज बड़ी संख्या में उनके समर्थक एकत्र हुए थे| बता दें कि दो दिन पहले ही वाघेला ने ऐलान किया था कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंति तक केन्द्र सरकार कृषि कानून रद्द नहीं करती है तो वह किसानों के समर्थन में दिल्ली के राजघाट पर आमरणांत अनशन पर बैठ जाएंगे| वाघेला के इस ऐलान को देखते हुए शुक्रवार से ही उनके निवास वसंत वगडो के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था| वाघेला आज अपने बाहर निकले उससे पहली ही पुलिस ने उन्हें घर में नजरकैद कर लिया| दूसरी ओर अहमदाबाद के गांधी आश्रम पर भी बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है| शंकरसिंह वाघेला अहमदाबाद के गांधी आश्रम होकर दिल्ली के लिए कूच करने वाले थे| वाघेला की दिल्ली कूच को देखते हुए गांधी आश्रम के आसपास बैनर-पोस्टर लगाए गए थे| इन बैनर-पोस्टरों को पुलिस ने हटा दिया है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है| हाउस अरेस्ट होने के बाद वाघेला ने सरकार पर कड़े प्रहार किए| उन्होंने कहा कि अटलजी की जयंति तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होने पर दिल्ली कूच करने का ऐलान किया था| लेकिन हाउस अरेस्ट होने की वजह से फिलहाल यह संभव नहीं है| शाम तक तय करूंगा कि कल से क्या करना है| इतना तय है कि मैं किसान अधिकारी यात्रा जरूर करूंगा| यदि दिल्ली नहीं पहुंच पाया तो गुजरात के गांव गांव घूम कर किसानों से मुलाकात करूंगा| मैं घर से बाहर नहीं निकल सकूं, ऐसी सरकार ने पूरी व्यवस्था कर रखी है| सरकार से मैं पूछना चाहता हूं कि किसी को विरोध का अधिकार नहीं है क्या? सुबह सूचना मिली कि मुझे हाउस अरेस्ट किया गया है और कहा गया कि आप घर से बाहर नहीं जा सकते|
