धारावी में 1 अप्रैल के बाद पहली बार कोई कोरोना केस नहीं

मुंबई। मुंबई के जिस बेहद घनी आबादी वाले स्लम बस्ती धारावी से कोरोना संक्रमण शुरुआत हुई थी और वहां कोरोना ने जमकर कोहराम मचाया था वही धारावी अब कोरोना के खिलाफ जंग में जीत की ओर बढ़ रहा है. एक समय दुनिया के बेहद जोखिम वाले कोविड-19 हॉटस्पॉट में से एक धारावी में शुक्रवार को कोरोना का एक भी नया केस दर्ज नहीं किया गया. 1 अप्रैल के बाद ऐसा पहली बार है जब इस स्लम एरिया में कोई नया केस सामने नहीं आया. इस तरह से यहां पर महज अब 12 एक्टिव केस ही हैं. गौरतलब हो कि करीब 2.5 वर्ग किमी क्षेत्र में फैले धारावी में 6.5 लाख से अधिक आबादी रहती है और इसे एशिया में सबसे बड़ा स्लम एरिया (झुग्गी बस्ती) कहा जाता है. घनी आबादी वाले धारावी में 1 अप्रैल को कोरोना का पहला केस दर्ज किया गया था और इसके बाद क्षेत्र में लगातार केस दर्ज किए जाते रहे. हालांकि, कई रिपोर्टों में यह बात सामने आई कि धारावी के निवासियों ने कोरोना प्रतिबंधों-गाइडलाइंस, आइसोलेशन और देखभाल के व्यवस्थित कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों का खासा सहयोग किया.
