बिहार बीजेपी नेता संजय पासवान ने कहा- होम मिनिस्ट्री छोड़ दें नीतीश

पटना। अरुणाचल प्रदेश में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को झटका देने के बाद बीजेपी ने बिहार में भी नीतीश कुमार की कार्यशैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। अरुणाचल प्रदेश में जेडीयू के 7 में से 6 विधायकों को बीजेपी में प्रवेश करा दिया गया है। जबकि बिहार में बीजेपी और जेडीयू के गठबंधन की सरकार है। इसके बाद बिहार बीजेपी के नेता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री संजय पासवान ने बिहार सीएम नीतीश कुमार की कार्यशैली पर ही सवाल उठा दिए हैं। पासवान ने सीएम नीतीश को गृह विभाग को किसी और को सौंपने के लिए कहा। सीएम नीतीश के पास गृह, सामान्य प्रशासन, सतर्कता और सामान्य प्रशासन विभागों का प्रभार है।
संजय पासवान ने कहा कि 'नीतीश कुमार बहुत सारे कामों से बोझिल हैं। उन्हें गृह विभाग किसी और को दे देना चाहिए। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि उन्हें यह मंत्रालय भाजपा को सौंप देना चाहिए। कुछ अन्य जदयू नेता को पदभार संभालने दें।' यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी मांग कानून और व्यवस्था के मुद्दे के कारण है। पासवान ने कहा, 'हां। कानून और व्यवस्था बिगड़ने के मामले पर प्रभावी तरीके से काम करने की जरूरत है। पिछले दो हफ्तों में राज्य में दो दर्जन से अधिक लोग मारे गए हैं। छह विधायकों के भाजपा में चले जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पासवान ने कहा, हमारे पास इस पर कहने के लिए कुछ भी नहीं है।
जदयू बोला- गठबंधन धर्म के खिलाफ काम हुआ: केसी त्यागी
जदयू के दो दिनों तक पटना में चलने वाले राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अरुणाचल प्रदेश का मामला उठ गया। जदयू ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में बीजेपी ने जो कुछ भी किया है उससे जदयू बेहद आहत है। जदयू महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि अरुणाचल में गठबंधन धर्म के खिलाफ काम हुआ, लेकिन बिहार में अरुणाचल के दल-बदल का कोई असर नहीं होगा। जैसे तीन लोक से न्यारी काशी, वैसे बिहार है, कोई फर्क नहीं पड़ेगा। केसी ने कहा कि बंगाल में जदयू चुनाव लड़ेगा ये फैसला हो चुका है। केसी ने इसके साथ ही ये भी साफ़ कर दिया की हमारा गठबंधन सिर्फ़ और सिर्फ़ बिहार में है।
