पानीपत में ट्रैक्टर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, कोषाध्यक्ष की मौत

पानीपत । हरियाणा के पानीपत जिले में लगातार सड़क हादसों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। हर रोज सड़क हादसे में किसी न किसी की मौत हो रही है। शनिवार को शिमला गुजरान के पास एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अमित देशवाल की मौत हो गई, जो समालखा बार एसोसिएशन का कोषाध्यक्ष था। टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। बताया गया कि 32 वर्षीय अमित अपने दो वकील साथियों के साथ अदालत से काम खत्म कर घर वापस लौट रहा था, जब वह बापौली मोड़ के पास पहुंचा तो अचानक बापौली मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली ने अमित की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे अमित की मौके पर ही मौत हो गई। अमित छह नवंबर को बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष बने थे और समालखा बार एसोसिएशन में बतौर कैशियर के पद पर तैनात थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
