रंगदारी मांगने पहुंचे थे 2 बदमाश, ग्रामीणों ने पीट-पीट कर मार डाला

सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी में मॉब लिंचिंग की वारदात को अंजाम दिया गया है। यहां दो अपराधियों को ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला। घटना जिले के सोनबरसा थाना क्षेत्र के मयूरबा गांव की है। बताया जाता है कि मयूरबा गांव निवासी उपेंद्र यादव (होमगार्ड के जवान) से अपाचे बाइक पर सवार दो अपराधी हथियार के साथ रंगदारी मांगने के लिए पहुंचे थे। जब अपराधियों ने हथियार से उपेंद्र यादव को मारने की कोशिश की तब उपेंद्र यादव ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हो गये और दोनों अपराधियों को पीटना शुरू कर दिया। दोनों अपराधियों की इतनी पिटाई की गई कि उनकी मौत हो गई। हालांकि, स्थानीय पुलिस दोनों अपराधियों के गंभीर रूप से घायल होने की ही बात कह रही थी।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने गोली चलाते हुए भागने की भी कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों की हुजूम के सामने उनका साहस टिक नहीं सका और वो ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए। मौके पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंच गये हैं और मामले की जांच में जुट गये हैं। बताया जाता है कि दोनों अपराधी नेपाल के थे, जिनका अभी तक नाम और पता मालूम नहीं चल सका है।
अपराधियों की शिनाख्त के लिए पुलिस कोशिश कर रही है। बताया जाता है कि मयूरवा गांव के निवासी उपेंद्र यादव होमगार्ड के जवान के साथ-साथ व्यवसायी भी हैं। इनसे पिछले चार-पांच दिन पहले रंगदारी की मांग की गई थी। उसी रंगदारी के सिलसिले में दोनों अपराधी अपाचे पर सवार होकर होमगार्ड के जवान के सामने पहुंचे थे।
