बेरोजगारी और अपराधों पर भाजपा का हंगामा 

रायपुर। प्रदेश में बेरोजगारी और बढ़ते अपराध के मुद्दे पर भाजपा सदस्यों ने  विधानसभा में जमकर हंगामा किया। भाजपा सदस्यों ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के कई संगठनों के लोगों को उनकी सरकार आने पर नौकरी देने का वादा किया था, जिसे दो वर्ष होने पर भी पूरा नहीं किया। बेरोजगारी के कारण अपराध भी बढ़ रहे हैं। भाजपा सदस्यों ने इन मुद्दों को लेकर स्थगन प्रस्ताव लाकर आसंदी से इस पर चर्चा कराए जाने की मांग की, लेकिन आसंदी ने प्रस्ताव को अग्राह्य कर दिया। जिसके बाद भाजपा सदस्यों ने सदन में जमकर हंगामा किया। सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। भाजपा सदस्य शिवरतन शर्मा ने शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनके द्वारा इस विषय पर स्थगन प्रस्ताव दिया गया है, जिसे ग्राह्य कर तत्काल इस पर चर्चा करायी जानी चाहिए। शिवरतन शर्मा ने कहा कि सरकार ने सत्ता में आने से पहले अपने चुनावी वादों में प्रदेश के कई संगठनों के लोगों से वादा किया था कि सरकार में आने के बाद वे उन्हें नौकरी देंगे, लेकिन दो वर्ष बीतने के बाद अब तक अपना वादा नहीं निभाया है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भी प्रदेश में बेरोजगारी को लेकर कहा कि सरकार अपना वादा नहीं निभा रही है। श्री कौशिक ने आसंदी से कहा कि इस मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव दिया गया है, उसे ग्राह्य कर तत्काल सदन में चर्चा कराई जाए। 

Leave a Reply