कोटा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलटी, हादसे में पांच की मौत, तीन लोग गंभीर घायल

कोटा. राजस्थान के कोटा (Kota) में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे (Road Accident) में वाहन सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इन सभी को स्थानीय एमबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. यह दुर्घटना कोटा-बारां हाईवे (Kota-Baran Highway) पर सिमलिया थाना क्षेत्र में पोलाई कला के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कोटा की तरफ आ रही तेज गति से स्कार्पियो का अचानक टायर फट गया जिससे वो अनियंत्रित होकर मेन रोड से काफी दूर खेतों में जा गिरी.

सड़क हादसे की खबर आते ही कैथून कस्बे के कोर्ट मोहल्ले में मातम पसर गया. मृतकों की पहचान मुजाहिद, परवेज, बिलाल, रशीद और हसन के रूप में हुई है. स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग कैथून कस्बे के कोर्ट मोहल्ले के निवासी हैं. दुर्घटना की सूचना पाकर सिमलिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए एमबीएस अस्पताल भिजवाया. इसकी जानकारी होती ही अस्पताल में भारी संख्या में परिजन और रिश्तेदार पहुंचे. स्थिति को देखते हुए यहां पुलिसबल को तैनात कर दिया गया है.

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शरद चौधरी ने बताया कि शुरुआती तौर पर दुर्घटना की वजह स्कॉर्पियों के टायर फटने की बात सामने आ रही है. इसके चलते स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई. पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है.
 

Leave a Reply