संविदा कर्मियों के नियमितीकरण संबंधी मामला गूंजा

रायपुर। भाजपा सदस्यों ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संविदा में कार्यरत कर्मियों के नियमितीकरण की कार्यवाही नहीं होने का मामला सदन में उठाया। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और नारायण चंदेल ने ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से यह मामला उठाया। जवाब में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने भाजपा सदस्यों द्वारा लगाए इस आरोप को गलत बताया कि राष्ट्रीय मिशन के अंतर्गत प्रदेश में लगभग 10 हजार संविदाकर्मी कार्यरत हैं और जिनके द्वारा लगातार नियमितीकरण की मांग की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने इससे भी इंकार किया कि प्रदेश में युवाओं के साथ उनकी मांगों को पूरा न कर तथा उनके लिए शासकीय नौकरी के अवसर उपलब्ध न करा कर उन्हें ठगा जा रहा है तथा इनके नियमितीकरण की कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। मंत्री सिंहदेव ने बताया कि शासन से आदेश प्राप्त होते ही अक्टूबर 2020 में नियमितीकरण के संबंध में नियमों, तथ्यों के परीक्षण के लिए तत्काल एक समिति बनाई गई है। उन्होंने कहा कि समिति की बैठक दो बार 10 नवंबर 2020 एवं 24 दिसंबर में की गई तथा बैठक में विभिन्न विषयों पर विचार कर निर्णय लिया गया। श्री सिंहदेव ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों को धोखे में नहीं रखा जा रहा है। समिति की बैठक समयावधि में की जा चुकी है तथा कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। विभाग द्वारा की जा रही त्वरित कार्यवाही से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों में किसी प्रकार का रोष व्याप्त नहीं है।
