मध्यप्रदेश में भी बर्ड फ्लू ने दी दस्तक

भोपाल । मध्य प्रदेश में बर्ड फ्लू बीमारी ने दस्तक दे दी है। इससे पहले पडौसी राज्य राजस्थान में यह बीमारी आई।संभवत: वहीं ये इसने मध्यप्रदेश में भी प्रवेश किया है। पिछले दिनों प्रदेश के इंदौर शहर के रेसीडेंसी क्षेत्र में मृत मिले कौओं में बर्ड फ्लू बीमारी की पुष्टि हुई है। इसे देखते हुए वन विभाग ने प्रदेश के सभी संरक्षित वन क्षेत्रों के प्रबंधन को सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। उनके प्रबंधन से कहा गया है कि क्षेत्र के सभी जलाशय की लगातार निगरानी करें और किसी भी पक्षी में बर्ड फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्थानीय पशु चिकित्सकों की मदद से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजें।पिछले दिनों इंदौर में मृत मिले कौओं में बर्ड फ्लू का वायरस (एच-5, एन-8) पाया गया। पशु चिकित्सा विभाग ने राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान आनंद नगर (भोपाल) से कौओं के शव का परीक्षण कराया था। इसकी रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद पशुपालन विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है। वन विभाग ने जो निर्देश जारी किए है उनके अनुसार जलाशयों में एवं अभयारण्यों के अंदर प्रवासी पक्षियों पर विशेष निगरानी रखें और उनके खून के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएं। जलाशयों के आसपास की बस्तियों में पाले जाने वाले मुर्गे-मुर्गी, पोल्ट्री फार्म और बैकयार्ड कुक्कुट के सैंपल जांच के लिए भेजें। जिले के कुक्कुट बाजार, हाट बाजार में आने वाले मुर्गे-मुर्गियों की भी नियमित जांच करें। जिलों में इस बीमारी के बारे में लोगों को जागरूक करें और उन्हें सतर्क रहने की हिदायत दें। मालूम हो कि प्रदेश के इंदौर डेली कॉलेज में बर्ड फ्लू (इंफ्लुएंजा एन5एच8) के वायरस के कारण पिछले पांच दिन में 128 कौओं की मौत हो चुकी है। शनिवार को भी इस परिसर में 13 कौए मृत पाए गए। नगर निगम के माध्यम से डेली कॉलेज परिसर में जिन पेड़ों पर पक्षियों के घोंसले बने हैं और मैदान क्षेत्र में जहां कौओं की बीट पाई गई, वहां सैनिटाइजेशन कराया गया। पहले 5 किमी के दायरे में लोगों की जांच करने की तैयारी थी, लेकिन अब इसे घटाकर एक किमी कर दिया गया है। बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने डेली कॉलेज के 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले घरों में रहने वालों के सर्वे के लिए शनिवार को एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की 7 टीमों का गठन किया था। उन्होंने मूसाखेड़ी, यादव नगर, अजय बाग सहित आसपास के इलाकों में 560 परिवारों के 2808 लोगों की स्क्रीनिंग की। सीएमएचओ डॉ. पूर्णिमा गाडरिया के अनुसार सर्वे के दौरान 14 लोगों में सर्दी, खांसी व बुखार के लक्षण मिले। रविवार को इन लोगों का कोविड टेस्ट किया जाएगा। इसके अलावा अब डेली कॉलेज के एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले घरों और उनमें रहने वालों का सर्वे किया जाएगा। वेटरनरी सर्विसेस के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. प्रमोद शर्मा के अनुसार हमारी टीम ने मूसाखेड़ी क्षेत्र की 11 दुकानों से 22 मुर्गे-मुर्गियों के सैंपल लिए और जांच के लिए भोपाल स्थित हाई सिक्योरिटी लैब में भेजा गया है।
